वाराणसी- चंदौली को जोड़ने वाले मालवीय पुल पर आज रात से 60 दिनों तक थम जाएगी रफ्तार, पैदल भी नहीं जा सकेंगे लोग

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/1353007940_IMG-20260614-WA0019.jpg

वाराणसी। काशी और चंदौली को आपस में जोड़ने वाले लाइफलाइन राजघाट पुल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद जरूरी खबर है। इस ऐतिहासिक पुल पर आवश्यक मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है, जिसके चलते 14 जून (रविवार) की रात 10 बजे से आगामी 13 अगस्त तक यहां वाहनों का आवागमन प्रभावित रहेगा।

 

लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा पुल को दुरुस्त करने का यह काम पूरे 60 दिनों तक चलेगा। आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मरम्मत का काम केवल रात के समय किया जाएगा। रोजाना रात 10:00 बजे से लेकर सुबह 06:00 बजे तक पुल पर सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। दिन के समय यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा।

 

एडीसीपी (यातायात) अंशुमान मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के अफसरों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। रात के समय राहगीरों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पुख्ता डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

 

राजघाट से पड़ाव/मुगलसराय जाने वाले वाहनों को संदहा रिंग रोड होते हुए चंदौली की तरफ भेजा जाएगा। इसके अलावा वाहन चालक रामनगर-सामनेघाट पुल या डाफी हाईवे का रास्ता भी चुन सकते हैं।

 

पड़ाव से वाराणसी शहर आने वाले वाहनों को रिंग रोड फेज-3 और रामनगर-सामनेघाट पुल के रास्ते हाईवे से होते हुए लंका की तरफ से शहर में एंट्री दी जाएगी।

 

यात्रियों के लिए सलाह

 

सभी संबंधित थानों और ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को इस रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। रात के समय यात्रा करने वाले लोग जाम और असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें।

इसे भी पढ़ें

Latest News