लखनऊ: उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने की मुहिम के तहत राज्य के सभी 75 जनपदों में स्थित प्रमुख शक्तिपीठों और स्थानीय देवी मंदिरों के बुनियादी ढांचे को तेजी से विकसित किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
बुधवार को लखनऊ के चौक स्थित ऐतिहासिक बड़ी काली मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने 'मिशन शक्ति' के तहत प्रदेश भर के 26 प्रमुख देवी स्थलों पर आयोजित होने वाले विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का भी उद्घाटन किया। मंत्री ने बताया कि अकेले बड़ी काली मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए शासन ने 227.83 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
₹83 करोड़ की 22 परियोजनाओं से बदल रही शक्तिपीठों की सूरत
वर्ष 2017 से शुरू हुए व्यापक बदलाव के तहत 19 जिलों के 20 प्रमुख देवी धामों पर लगभग 83 करोड़ रुपये की लागत वाली 22 विशेष परियोजनाओं पर काम जारी है। प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठ सर्किट—सहारनपुर की मां शाकुंभरी देवी, नैमिषारण्य की मां ललिता देवी, बलरामपुर का देवीपाटन धाम, विंध्याचल की मां विंध्यवासिनी और काशी की मां विशालाक्षी देवी मंदिर—को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
- सहारनपुर (मां शाकुंभरी देवी धाम): करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें राही पर्यटक विश्राम गृह, ओपन एयर थिएटर और सुगम पैदल मार्ग का निर्माण शामिल है।
- सीतापुर (नैमिषारण्य स्थित ललिता देवी): मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 15.23 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
- लखनऊ (मां चंद्रिका देवी मंदिर): परिसर के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण पर 6.30 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
- भदोही (श्री सीता समाहित स्थल): 3.52 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
- बलरामपुर और प्रयागराज: देवीपाटन धाम (3.29 करोड़ रुपये) और अलोपी देवी शक्तिपीठ (1.67 करोड़ रुपये) में आकर्षक फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।
इसके अलावा रायबरेली के चामुंडा धाम, बांदा के मां सिंहवाहिनी मंदिर, प्रतापगढ़ के मां ज्वाला देवी धाम, जौनपुर के शीतला चौकिया धाम और कानपुर (घाटमपुर) के प्रसिद्ध कुष्मांडा देवी मंदिर को भी विकास योजनाओं में शामिल किया गया है।
'विजिट माय स्टेट' अभियान: वीकेंड पर सुलभ टूर पैकेज
धार्मिक यात्राओं को अधिक संगठित और सुगम बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने 'विजिट माय स्टेट, उत्तर प्रदेश' पहल शुरू की है। इसके तहत वर्तमान में लखनऊ से नैमिषारण्य और प्रयागराज से विंध्याचल धाम के लिए विशेष साप्ताहिक टूर पैकेज संचालित किए जा रहे हैं। इन पैकेजों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, अल्पाहार और स्थानीय गाइड की पूरी व्यवस्था शामिल है, जिससे श्रद्धालु स्थलों के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को आसानी से समझ सकें।