वाराणसी: खून से लथपथ सीढ़ियों पर मिली नर्सिंग छात्रा की लाश, तीन महीने की गर्भवती होने पर प्रेमी ने खिलाई थी गर्भपात की दवा, अत्यधिक ब्लीडिंग से मौत का दावा

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/192030734_varanasi-nursing-student-dies-after-abortion-pills-boyfriend-arrested.jpg

 

वाराणसी। शहर के एक निजी नर्सिंग कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस का मानना है कि छात्रा की मौत गर्भपात के लिए ली गई दवाओं के दुष्प्रभाव और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। मामले में छात्रा के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं।

 

घटना बुधवार की है, जब एक बॉयज हॉस्टल में काम करने पहुंचे इलेक्ट्रीशियन ने सीढ़ियों पर खून से लथपथ हालत में एक युवती को पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद हॉस्टल कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में युवती को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतका एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और वर्तमान में चंदौली में तैनात हैं। परिवार वाराणसी में ही रहता है। छात्रा का एक सहपाठी युवक से पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी युवक भी उसी संस्थान में नर्सिंग तृतीय वर्ष का छात्र है और मूल रूप से जौनपुर जिले का रहने वाला है।

 

घटना के बाद पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की। साथ ही हॉस्टल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की गई। जांच के दौरान गार्ड ने बताया कि युवती अक्सर आरोपी युवक से मिलने हॉस्टल आती थी। इसी आधार पर पुलिस ने युवक की लोकेशन ट्रेस की और देर शाम उसे उसके घर से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने कई महत्वपूर्ण तथ्य स्वीकार किए।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले छात्रा ने उसे अपनी गर्भावस्था की जानकारी दी थी। जांच कराने पर गर्भ ठहरने की पुष्टि हुई थी और वह लगभग तीन महीने की गर्भवती थी। दोनों ने इस स्थिति से निकलने के लिए चिकित्सकीय सलाह लेने की कोशिश की, लेकिन परिवार की जानकारी और सहमति के बिना डॉक्टरों ने गर्भपात करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने स्वयं गर्भपात कराने की योजना बनाई।

 

आरोपी ने स्वीकार किया कि उन्होंने इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध वीडियो देखकर गर्भपात संबंधी जानकारी जुटाई। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े होने के कारण उन्होंने किताबों और अन्य स्रोतों का भी सहारा लिया, लेकिन अंततः ऑनलाइन वीडियो देखकर दवा खरीदने और उसका उपयोग करने का फैसला किया।

 

बयान के मुताबिक, घटना वाले दिन छात्रा सुबह हॉस्टल पहुंची थी। युवक ने दावा किया कि वह मानसिक रूप से तनाव में थी और दवा लेने को लेकर असहज महसूस कर रही थी। उसने शादी कर लेने का सुझाव भी दिया था, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद उसे गर्भपात की दवा दी गई। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।

 

आरोपी ने पुलिस को बताया कि छात्रा लगातार अस्पताल ले जाने की बात कह रही थी, लेकिन स्थिति तेजी से खराब होती चली गई। हॉस्टल की लिफ्ट खराब होने के कारण वह सीढ़ियों के सहारे नीचे जाने लगी। इसी दौरान उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ी। युवक ने दावा किया कि खून देखकर वह घबरा गया और मदद करने के बजाय वहां से भाग निकला। बाद में वह सीधे अपने घर जौनपुर पहुंच गया।

 

जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के बैग से कई प्रकार की दवाएं भी मिली हैं। वहीं आरोपी के मोबाइल फोन से फोटो, वीडियो और दोनों के बीच हुई बातचीत के रिकॉर्ड भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि इससे पहले भी छात्रा का गर्भपात कराया गया था। हालांकि पुलिस इस संबंध में उपलब्ध तथ्यों और दस्तावेजों की अलग से जांच कर रही है।

 

हॉस्टल के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि युवती पिछले दो दिनों से लगातार हॉस्टल आ रही थी। मंगलवार को भी वह काफी देर तक परिसर और आसपास के क्षेत्र में अकेले घूमती दिखाई दी थी। घटना वाले दिन भी वह सुबह हॉस्टल पहुंची और सीधे एक कमरे में चली गई। कुछ घंटों बाद उसकी गंभीर हालत की जानकारी सामने आई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और जिम्मेदारियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

 

इसे भी पढ़ें

Latest News