आजमगढ़ में सड़क और रेल हादसों में तीन लोगों की मौत: प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे ग्रामीण, शिक्षक और मजदूर ने गंवाई जान

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/1375041474_azamgarh-road-train-accidents-three-dead.jpg

आजमगढ़: जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन दर्दनाक हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। मेंहनगर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक अधेड़ की जान चली गई, वहीं जीयनपुर में ट्रक की टक्कर से एक शिक्षक की मौत हो गई। इसके अलावा रानी की सराय क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद संबंधित परिवारों में कोहराम मच गया है।

 

 

प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आया अधेड़

 

 

मेंहनगर थाना क्षेत्र के गंजोर गांव निवासी सत्येंद्र सिंह (48) बृहस्पतिवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद ट्रैक्टर-ट्राली से गांव के लोगों के साथ लौट रहे थे। पश्चिमी सिवान स्थित सरबाईन पोखरी में विसर्जन संपन्न होने के बाद रात करीब 9:30 बजे जयकारे लगाते हुए वापसी के दौरान सत्येंद्र अनियंत्रित होकर ट्राली से नीचे गिर पड़े। वह सीधे पहिए की जद में आ गए, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। सत्येंद्र अपने पीछे पत्नी ममता और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। थाना अध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

 

लाटघाट बाजार में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत

 

 

जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत लाटघाट बाजार में यूनियन बैंक के समीप बृहस्पतिवार रात लगभग 8:30 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक देवेश नारायण राय (42) की जान चली गई। देवेश गोरखपुर जनपद के चौरीचौरा ब्लॉक में बेसिक शिक्षा विभाग में पदस्थापित थे और रात में घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे एक पुत्र व एक पुत्री छोड़ गए हैं। जीयनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल स्थित मर्चरी भेज दिया है।

 

 

सेठवल के पास ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की सांसें थमीं

 

निजामाबाद थाना क्षेत्र के कयामुद्दीनपुर परसहा निवासी रविंद्र कुमार (35) की रानी की सराय क्षेत्र के सेठवल गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, रविंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और बृहस्पतिवार को परिवार सहित सेठवल स्थित अपने रिश्तेदार (साढ़ू) के घर मेला देखने गए हुए थे। वह तीन बेटों के पिता थे। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और मामले की छानबीन जारी है।

 

इसे भी पढ़ें

Latest News