नशे में पड़ोसी की हैवानियत: एक माह की मासूम को जमीन पर पटका, कहा – बलि देनी है; गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/230944821_drunk-neighbor-slams-one-month-old-baby-to-ground-in-varanasi.jpg

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने एक माह की मासूम बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस अमानवीय हरकत में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं तथा उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और नाराज परिजनों व स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

 

जानकारी के अनुसार अकथा निवासी राजेश वनवासी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। राजेश का आरोप है कि उनका पड़ोसी विकास यादव अक्सर शराब पीकर मोहल्ले में विवाद करता है और लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। शनिवार शाम भी वह नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आसपास के लोग उससे दूरी बनाने लगे।

 

इसी दौरान घर के बाहर लेटी एक माह की बच्ची पर उसकी नजर पड़ी। आरोप है कि विकास अचानक बच्ची को गोद में उठाकर वहां से जाने लगा। बच्ची की मां ने जब शोर मचाया और उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने मासूम को ऊपर उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया और कहा कि मुझे इसकी बलि देनी है। पत्थरनुमा सतह पर गिरते ही बच्ची जोर से चीखी और फिर अचेत जैसी हो गई। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग बदहवास हो गए।

 

परिजन तत्काल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती कर लिया। बच्ची का इलाज जारी है। वहीं पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वे सारनाथ थाने पहुंचे तो उनकी बात सुनने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उन्हें डांटकर भगा दिया। इस व्यवहार से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग अशोका इंस्टीट्यूट तिराहे पर पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

 

विरोध के दौरान कुछ लोगों ने गुजर रहे वाहनों पर पथराव भी किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

 

उधर ग्रामीणों ने आरोपी विकास यादव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बढ़ते जनदबाव के बीच पुलिस ने विकास यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि घायल मासूम की हालत पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी बनी हुई है।

 

इसे भी पढ़ें

Latest News