वाराणसी: पत्नी की प्राइवेट फोटो पति ने सोशल मीडिया पर कर दी वायरल, थाने पहुंची महिला, तार - तार हुई रिश्तों की मर्यादा

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/736163685_IMG-20260128-WA0002.jpg

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां कोर्ट केस वापस न लेने पर एक पति ने प्रतिशोध में अपनी ही पत्नी की निजता भंग कर दी। आरोपी पति ने कथित तौर पर पत्नी की प्राइवेट तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

 

भेलूपुर के सरायनंदन (खोजवां) निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका अपने पति उत्कर्ष पांडेय (निवासी शंकुलधारा) के साथ पिछले दो वर्षों से न्यायालय में विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसका पति लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी।

 

पीड़िता के मुताबिक, बीती 22 जनवरी को आरोपी उत्कर्ष ने उसे रास्ते में रोका और धमकी दी। उसने कहा कि अगर कोर्ट से केस वापस नहीं लिया, तो वह उसे समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेगा। आरोपी ने पत्नी को साफ तौर पर चेताया था कि वह उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल कर देगा।

 

महिला ने बताया कि धमकी देने के कुछ ही दिन बाद पति ने अपनी नीच हरकत को अंजाम दे दिया। उसने महिला की प्राइवेट तस्वीरें पहले उसे भेजीं और फिर उन्हें सार्वजनिक कर दिया। इस हरकत से पीड़िता गहरे मानसिक सदमे और अवसाद में है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए भेलूपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पति उत्कर्ष पांडेय के खिलाफ निम्नलिखित धाराओं में FIR दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 126 (2) और 351 (2), आईटी एक्ट 2008: धारा 67 में केस दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

इसे भी पढ़ें

Latest News