वंदे भारत स्लीपर में 16 कोच, एक साथ 823 यात्री कर सकेंगे सफर: सीएम योगी ने दी खूबियों की जानकारी, दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए पीएम का जताया आभार

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/2027225077_WhatsApp_Image_2026-10-31_at_19.09.43.jpeg

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद शनिवार को रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की तकनीकी विशेषताओं और यात्री सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिसमें एक साथ 823 यात्री आरामदायक यात्रा कर सकेंगे। छात्रों, युवाओं और व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्ग इस विश्वस्तरीय सेवा को पाकर उत्साहित हैं। इस अवसर पर सीएम योगी ने उत्तर भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना (दिल्ली-वाराणसी कॉरिडोर) की कार्ययोजना को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि यह हाई-स्पीड कॉरिडोर दोनों शहरों की दूरी को घटाने में क्रांतिकारी साबित होगा।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल मंत्री द्वारा शुरू की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देश की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक राजधानी काशी को सीधे राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से जोड़ रही है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का भी अभिनंदन किया।

 

 

 

सीएम योगी ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख सांस्कृतिक नगरों—काशी और प्रयागराज—को आपस में जोड़ने के लिए मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा शुरू की गई है। प्रयागराज में प्रदेश का उच्च न्यायालय स्थित होने के कारण वहां आने-जाने वाले हजारों अधिवक्ताओं, वादकारियों और श्रद्धालुओं को पहले भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस मेमू ट्रेन से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही आम जनमानस और व्यापारियों के दैनिक आवागमन को सुगम बनाने के लिए वाराणसी से राजातालाब तक भी मेमू सेवा शुरू की गई है। सीएम ने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व से ठीक पूर्व ये महत्वपूर्ण उपहार काशी के लोकप्रिय सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा क्षेत्रवासियों को दिए गए हैं।

 

 

मुख्यमंत्री ने भारतीय रेल के आधुनिक स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और रेल मंत्री के नेतृत्व में रेलवे ने स्वयं को एक नए युग में स्थापित किया है। आज देश में नमो भारत, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का सफल संचालन हो रहा है तथा स्वदेशी कोच निर्माण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ रही है। संरक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग को समाप्त कर उनकी जगह फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है। इसके अलावा ब्रॉडगेज लाइनों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण किया गया है।

 

 

 

सीएम योगी ने कहा कि रेलवे का यह कायाकल्प केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि स्केल को स्किल से जोड़ने का एक आधुनिक प्रयास है। यात्री सुविधाओं के विस्तार से लोगों के समय और श्रम दोनों की बचत हुई है। ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने मालगाड़ियों की धीमी चाल को बदलकर उन्हें नई गति दी है। सिंगल लाइन की जगह अब डबल लाइनें बिछाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज की जरूरतों के अनुसार पूरे देश में रेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है और त्योहारों से पहले मिली यह सौगात आमजन के जीवन को सुगम बनाएगी।

 

इसे भी पढ़ें

Latest News