नई दिल्ली। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (LPG) इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्र सरकार अब एलपीजी सब्सिडी व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाती नजर आ रही है। सरकार ने उन उपभोक्ताओं की पहचान शुरू कर दी है जो आर्थिक रूप से सक्षम होने के बावजूद गैस सब्सिडी का लाभ ले रहे हैं। इसके लिए टैक्स रिकॉर्ड, आधार डाटा और एलपीजी उपभोक्ता डेटाबेस का मिलान किया जा रहा है।
इसी प्रक्रिया के तहत कई उपभोक्ताओं को एसएमएस और नोटिस भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों में गैस सब्सिडी पात्रता से जुड़ी जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सरकार का मुख्य उद्देश्य फर्जी या अपात्र लाभार्थियों को हटाकर केवल जरूरतमंद परिवारों तक सब्सिडी पहुंचाना है।
जानकारी के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं या परिवारों की वार्षिक टैक्सेबल आय 10 लाख रुपये से अधिक है, उन्हें अब एलपीजी सब्सिडी के दायरे से बाहर किया जा सकता है। सरकार पहले भी इस नियम को लागू कर चुकी है, लेकिन अब इसे और सख्ती से लागू करने की तैयारी हो रही है।
उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे संदेशों में साफ कहा गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जानकारी अपडेट करें या संबंधित नोटिस का जवाब दें। कई मामलों में उपभोक्ताओं को सात दिनों के भीतर प्रतिक्रिया देने के लिए कहा गया है। यदि तय समय में जवाब नहीं दिया गया तो गैस सब्सिडी बंद की जा सकती है।
इसके अलावा यदि जांच के दौरान गलत जानकारी देने या आय छिपाने की बात सामने आती है, तो संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। माना जा रहा है कि सरकार इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल सत्यापन के जरिए पारदर्शी बनाना चाहती है।
दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में सरकार लगातार LPG सब्सिडी खर्च को कम करने और उसे सही लाभार्थियों तक सीमित रखने की नीति पर काम कर रही है। उज्ज्वला योजना जैसे कार्यक्रमों के जरिए गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक रसोई गैस पहुंचाने के बाद अब सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि आर्थिक रूप से सक्षम लोग सरकारी सहायता का लाभ न लें।
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक हालात भी सरकार के इस फैसले की एक बड़ी वजह हो सकते हैं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और ऊर्जा संकट के चलते सरकार पर सब्सिडी का बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार केवल पात्र लोगों को ही सहायता देने की दिशा में कदम उठा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पूरी जांच प्रक्रिया में पैन कार्ड से जुड़े आयकर रिकॉर्ड, आधार से लिंक डाटा और LPG कनेक्शन से जुड़ी जानकारी का मिलान किया जा सकता है। इससे सरकार यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस उपभोक्ता की वास्तविक आर्थिक स्थिति क्या है।
सिर्फ गैस कनेक्शन धारक ही नहीं, बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों की आय भी जांच के दायरे में आ सकती है। यानी यदि परिवार में किसी सदस्य की आय तय सीमा से अधिक है, तो पूरे परिवार की सब्सिडी पात्रता प्रभावित हो सकती है।
सरकार की इस कार्रवाई के बाद कई उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है। खासकर वे लोग जो वर्षों से सब्सिडी का लाभ लेते आ रहे हैं, अब अपने दस्तावेजों और आय संबंधी जानकारी को लेकर सतर्क हो गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों को SMS या नोटिस मिला है, उन्हें इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर जवाब देना और जरूरी दस्तावेज अपडेट कराना बेहद जरूरी है। इससे भविष्य में सब्सिडी बंद होने या किसी अन्य प्रशासनिक परेशानी से बचा जा सकता है।
उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे अपने एलपीजी कनेक्शन से जुड़े केवाईसी दस्तावेज तुरंत जांच लें। आधार कार्ड लिंक है या नहीं, मोबाइल नंबर अपडेट है या नहीं और पैन रिकॉर्ड सही तरीके से दर्ज हैं या नहीं, इसकी पुष्टि कर लेना जरूरी है।
इसके लिए उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर भी अपनी जानकारी सत्यापित की जा सकती है। कई कंपनियों ने ऑनलाइन केवाईसी अपडेट और दस्तावेज सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।
सरकार पहले भी ‘गिव इट अप’ अभियान चला चुकी है, जिसमें आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से स्वेच्छा से LPG सब्सिडी छोड़ने की अपील की गई थी। उस अभियान के दौरान लाखों लोगों ने अपनी सब्सिडी छोड़ी थी। अब सरकार तकनीकी माध्यमों से यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सब्सिडी वास्तव में जरूरतमंदों तक ही पहुंचे।