लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) में बड़ी बगावत होने का दावा कर सूबे की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। राजभर पिछले 24 घंटे के भीतर तीन बार सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि सपा के कई सांसद पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं।
'बागी बलिया' के लाल पर टिकीं निगाहें
गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी एक पोस्ट में राजभर ने बागी सांसदों के गुट को लेकर बड़ा इशारा किया। उन्होंने लिखा कि सपा के इस बागी गुट की कमान उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल संभालेगा। राजभर ने दावा किया कि हाल ही में लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में एक सम्मेलन के दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों का तिरस्कार किया गया, जिससे 'बागी बलिया' का वह नेता बेहद आहत है।
राजनीतिक गलियारों और जानकारों के मुताबिक, राजभर का यह सीधा इशारा बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय की तरफ है। दरअसल, सोमवार को सपा कार्यालय में अखिलेश यादव ने ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध नेताओं के साथ बैठक की थी, जिसमें सनातन पांडेय के साथ मऊ के सांसद राजीव राय और सुल्तानपुर के सांसद राम भुआल निषाद भी मौजूद थे। राजभर का कहना है कि पार्टी में बगावत की योजना पहले से ही थी, लेकिन इस घटना ने 'आग में घी' का काम कर दिया।
राजभर की अखिलेश को सलाह: 'सांसद बचाओ अभियान' शुरू करें
अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोलते हुए राजभर ने लिखा कि पूरा सैफई कुनबा इस समय उन्हें निशाना बनाने में लगा है। उन्होंने सपा प्रमुख को नसीहत देते हुए कहा: "अखिलेश बाबू अब ट्विटर, एसी कमरों और प्रेस कॉन्फ्रेंस वाली राजनीति छोड़कर 'सांसद बचाओ अभियान' शुरू कर दें और अपने नाराज व दुखी सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगें।"
शाह की 'चिट्ठी' से लेकर 'गोलू टाइप' तंज: बयानों का पूरा घटनाक्रम
सपा में टूट के दावों की शुरुआत सोमवार सुबह हुई जब राजभर ने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र के बाद अब यूपी की बारी है। उन्होंने दावा किया कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा है, जिसमें भाजपा में शामिल होने वाले सपा नेताओं की सूची है।
अखिलेश यादव का पलटवार
राजभर के इन दावों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तुरंत पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दूसरों की भविष्यवाणी करने वाले पहले अपनी पार्टी की चिंता करें कि भाजपा उन्हें आगामी चुनाव में कुछ सीटें देगी भी या सिर्फ आश्वासन ही मिलेगा। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा गठबंधन से ज्यादा सीटें दिलाने का झांसा देकर जो एडवांस पैसा लिया गया है, उसे अब लोग ढूंढ रहे हैं।
राजभर का जवाबी हमला
अखिलेश के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने उन्हें 'गोलू टाइप इंसान' बता दिया और कहा कि उनके ही सगे चाचा ने पार्टी को निपटाने की सुपारी ले रखी है। राजभर ने चेतावनी भरे लहजे में लिखा कि आपकी लंका में आग लगने वाली है, अगर बचा सकते हैं तो अपनी पार्टी को बचा लीजिए।
डिप्टी सीएम मौर्य ने भी दी हवा
इस पूरे विवाद में भाजपा भी पीछे नहीं रही। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कानपुर में एक बयान देकर इन चर्चाओं को और बल दे दिया। मौर्य ने दावा किया कि सपा के लगभग 25 से 26 सांसद इस समय पार्टी छोड़ने की कगार पर खड़े हैं और आने वाले दिनों में विपक्ष को एक बड़ा झटका लग सकता है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी भी तरह की तोड़फोड़ की राजनीति नहीं कर रही है।