नई दिल्ली। भारतीय विवाह समारोहों के खर्च और भव्यता का गणित पूरी तरह बदल चुका है। दुनिया भर में होने वाली कुल शादियों में से अकेले 25 प्रतिशत की मेजबानी करने वाला भारत अब अपने संपन्न और प्रवासी (एनआरआई) परिवारों की भी पहली पसंद बन गया है। कभी विदेशी द्वीपों और यूरोप-मध्य पूर्व के लग्जरी रिजॉर्ट्स की ओर रुख करने वाले परिवार अब औसतन 58 लाख रुपये तक के बजट वाली डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए स्वदेश लौट रहे हैं। केंद्र सरकार की 'वेड इन इंडिया' मुहिम, बेहतर कनेक्टिविटी और वैश्विक तनाव के कारण करोड़ों रुपये की यह पूंजी अब देश के भीतर ही रुक रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों से लेकर इवेंट इंडस्ट्री तक की तस्वीर चमक उठी है।
25% वैश्विक हिस्सेदारी को संगठित करने की तैयारी
वैश्विक वेडिंग बाजार के एक-चौथाई हिस्से पर काबिज भारत अब इसे एक सुव्यवस्थित 'वेडिंग टूरिज्म' उद्योग का रूप देने में जुटा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय एक राष्ट्रीय वेडिंग टूरिज्म डिजिटल डाटाबेस तैयार कर रहा है। इस पोर्टल पर देशभर के प्रमुख विवाह स्थलों, होटलों में कमरों की क्षमता और बुनियादी सुविधाओं की सटीक जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा, आगामी दिसंबर तक जीएसटी और संगीत-मनोरंजन से जुड़े लाइसेंस लेने की प्रक्रिया को बेहद आसान बनाने की तैयारी है, जिससे आयोजकों को बड़ी प्रशासनिक राहत मिलेगी।
17 से अधिक नए शहर बने वेडिंग हब, आध्यात्मिक स्थलों का बढ़ा क्रेज
भारत में डेस्टिनेशन वेडिंग का दायरा अब केवल राजस्थान के शाही महलों और गोवा के समुद्री तटों तक सीमित नहीं रहा है। देश के करीब डेढ़ दर्जन नए शहर तेजी से वेडिंग हब के रूप में उभर रहे हैं। दक्षिण में केरल, कोच्चि, कुर्ग और महाबलीपुरम, पश्चिम में अलीबाग और कर्जत, जबकि उत्तर में अमृतसर, आगरा, देहरादून, ऋषिकेश और मसूरी जैसे पर्यटन स्थल लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं।
इस बदलाव का सबसे दिलचस्प पहलू धार्मिक और आध्यात्मिक शहरों की बढ़ती मांग है। अयोध्या, वाराणसी, उज्जैन, द्वारका, मदुरै और महेश्वर जैसे प्राचीन शहर अब भव्य और पारंपरिक शादियों के नए केंद्र बनते जा रहे हैं।
3 बड़े कारण: अपनी जड़ों से जुड़ाव, वैश्विक तनाव और स्थानीय सुविधाएं
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रवासी भारतीय परिवारों के स्वदेश लौटने के पीछे तीन प्रमुख कारण हैं। पहला, वे अपनी नई पीढ़ी और विदेशी मेहमानों को भारतीय संस्कृति व रीति-रिवाजों की भव्यता से जोड़ना चाहते हैं। दूसरा, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और हवाई यात्राओं की अनिश्चितता के कारण कई परिवारों ने अबू धाबी, मध्य पूर्व और श्रीलंका में तय आयोजन रद्द कर उदयपुर, अहमदाबाद और ऋषिकेश को चुना है। तीसरा, उदयपुर जैसे शहरों में ऐतिहासिक महलों के साथ-साथ सजावट, कैटरिंग, लाइट-साउंड और इवेंट मैनेजमेंट की कुशल स्थानीय टीमें आसानी से मिल जाती हैं, जिससे बड़े समारोहों का प्रबंधन बेहद सुगम हो जाता है।
39.5 लाख से 58 लाख तक पहुंचा औसत बजट, 60% शाही शादियां घर से बाहर
वेडिंग इंडस्ट्री के आंकड़े इस बाजार की जबरदस्त आर्थिक ताकत को बयां करते हैं। देश में जहां एक सामान्य शादी का औसत खर्च करीब 39.5 लाख रुपये रहता है, वहीं घरेलू डेस्टिनेशन वेडिंग का औसत बजट बढ़कर 58 लाख रुपये तक पहुंच गया है। एक करोड़ रुपये से अधिक के बजट वाली 60 प्रतिशत से ज्यादा शादियां अब अपने गृह नगर से बाहर आयोजित की जा रही हैं, जिनका बड़ा हिस्सा देश के भीतर ही हो रहा है। अति-धनाढ्य (अल्ट्रा-एचएनआई) परिवारों के समारोहों का खर्च तो कई करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर रहा है।
5 महीने के पीक सीजन में कमरों की किल्लत और लाइसेंस की जटिलता बड़ी चुनौती
तेजी से बढ़ते इस कारोबार के सामने कुछ व्यावहारिक चुनौतियां भी बरकरार हैं। जनवरी से मई की शुरुआत तक—खासकर फरवरी के पीक सीजन में—प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होटल के कमरों की भारी कमी हो जाती है, जिससे किराये आसमान छूने लगते हैं और आयोजकों का बजट बिगड़ जाता है। इसके साथ ही, आयोजन स्थल, संगीत, शराब परोसने, पुलिस, ग्राम पंचायत और समुद्री तटों से जुड़ी विभिन्न अनुमतियां लेने की प्रक्रिया अभी भी काफी जटिल है। उद्योग जगत का मानना है कि यदि सरकार इन सभी मंजूरियों के लिए एक सरल 'सिंगल विंडो' व्यवस्था लागू कर दे, तो भारत दुनिया का सबसे बड़ा वेडिंग डेस्टिनेशन बनकर उभरेगा।

Comments (0)