वाराणसी। काशी में नए साल की शुरुआत फूलों की खुशबू और भव्य सजावट के साथ होने जा रही है। आगामी 09 से 14 जनवरी 2027 तक (कुल 06 दिन) संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में इस भव्य आयोजन की रूपरेखा और तारीखों पर मुहर लगाई गई।


25 हजार वर्गमीटर में बिखरेगी 30 प्रजातियों के फूलों की छटा


'फूलों की काशी' थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी विश्वविद्यालय के 25,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैली होगी। पूरे 06 दिनों के दौरान यहां करीब 30 विभिन्न प्रजातियों के लगभग 07 लाख फूलों का उपयोग किया जाएगा। फूलों की ताजगी और आकर्षण बनाए रखने के लिए हर तीसरे दिन रात में (प्रदर्शनी बंद होने के बाद) पुराने फूलों को बदलकर नए फूल लगाए जाएंगे।


4 थीम जोन में बंटेगा परिसर, मंदिर की प्रतिकृति होगी मुख्य आकर्षण


दर्शकों की सुगम आवाजाही के लिए प्रवेश और निकास दोनों तरफ से रखे जाएंगे। पूरे परिसर को अलग-अलग रंगों और थीम के आधार पर प्रमुख जोनों में बांटा जाएगा:

  1. दिव्य काशी (सेंट्रल जोन): यह प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण होगा। यहां मंदिर की एक भव्य प्रतिकृति तैयार की जाएगी, जिसका आकार पिछली बार की तुलना में लगभग तीन गुना बड़ा रखने का प्रस्ताव है।
  2. नव्य काशी (हरा रंग): इसमें काशी के आधुनिक विकास और नए स्वरूप, जैसे- नमो घाट आदि की झलक देखने को मिलेगी।
  3. गंगा उत्सव (बैंगनी रंग): इस जोन में विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती, नावों और बनारस के घाटों की संस्कृति को फूलों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।
  4. रंगीली बनारस: पार्श्व भाग में स्थापित होने वाले इस जोन में बनारसी पान, बनारसी साड़ी, बनारसी घराना, स्थानीय कला और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन होगा।
  5. बैक साइड हॉल: यहां दर्शकों के लिए नर्सरी, फूड कोर्ट और बुक फेस्टिवल की भी व्यवस्था रहेगी।


कंपनी बाग से निकलकर अब वृहद रूप लेगी प्रदर्शनी

उप निदेशक उद्यान ने बैठक में जानकारी दी कि वर्ष 2011 से यह प्रदर्शनी राजकीय अलंकृत उद्यान (कंपनी बाग) में आयोजित होती आ रही है। पिछले वर्ष इसमें 243 प्रतियोगियों ने 3,527 प्रविष्टियां लगाई थीं। इस बार भी प्रदर्शनी को 02 मुख्य भागों, 18 वर्गों और 154 श्रेणियों में बांटा गया है। आयोजन के बाद सजावट के ढांचों को कबाड़ (स्क्रैप) करने के बजाय शहर के अन्य हिस्सों में स्थापित करने या रीसायकल करने की योजना बनाई गई है।


किसानों को मिलेगी आधुनिक तकनीक की जानकारी


मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रदर्शनी में अधिक से अधिक स्थानीय किसानों, नर्सरी संचालकों और पुष्प उत्पादकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। यहां न केवल उत्कृष्ट फल, फूल और सब्जियों की प्रदर्शनी लगेगी, बल्कि कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से किसानों और आम लोगों को उन्नत कृषि व बागवानी तकनीक की जानकारी भी दी जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, जिला उद्यान अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अनुभवी इवेंट फर्मों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।