- शंकराचार्य चौक पर सजेगी आकर्षक रंगोली, जगह-जगह बनेंगे सहायता केंद्र, सावन जैसी रहेगी दर्शन व्यवस्था


वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर धर्म नगरी काशी स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ धाम एक अलौकिक और भव्य रूप में नजर आएगा। इस विशेष अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर और बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह का 19 विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं मनमोहक देशी-विदेशी फूलों से भव्य शृंगार किया जाएगा।


मंदिर प्रशासन के अनुसार, धाम की पुष्प सज्जा में पारंपरिक गुलाब, गेंदा और रजनीगंधा के साथ-साथ मधुकामिनी की हरी पत्तियों व 'सॉन्ग ऑफ इंडिया' (सोन ऑफ इंडिया) जैसी विशेष सजावटी वनस्पतियों का भी समावेश किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, धाम के मुख्य आकर्षण शंकराचार्य चौक पर कलाकारों द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी। संपूर्ण परिसर के कोने-कोने को असंख्य दीपों से प्रज्वलित करने की तैयारी है, जिससे सूर्योदय की पहली किरण के साथ ही पूरा धाम स्वर्णिम आभा से दमक उठेगा।


श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मिश्र ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। दर्शनार्थियों के सुगम दर्शन और पुख्ता सुरक्षा के लिए मंदिर प्रशासन ने सावन माह के सोमवार जैसी विशेष व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। साथ ही, बाहर से आने वाले भक्तों के मार्गदर्शन और सहायता के लिए धाम परिसर व प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।