नई दिल्ली। देश के करोड़ों उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। शीर्ष अदालत ने आदेश दिया है कि अब पैकेटबंद खाद्य पदार्थों (पैकेज्ड फूड) पर अत्यधिक नमक, चीनी या वसा (फैट) होने की स्पष्ट चेतावनी देनी होगी। इसके तहत उत्पादों के पैकेट पर छह कोनों वाले (हेक्सागोनल) लाल रंग के चेतावनी निशान लगाने अनिवार्य होंगे। अदालत ने स्पष्ट किया है कि इन तीनों तत्वों के लिए एक साझा निशान नहीं चलेगा, बल्कि जिस भी तत्व की मात्रा अधिक होगी, उसके लिए अलग-अलग लाल निशान और चित्र वाले संकेत (पिक्टोग्राम) पैकेट पर छापने होंगे।
स्टार रेटिंग के बजाय स्पष्ट चेतावनी लेबल जरूरी
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की प्रस्तावित 'स्टार रेटिंग' व्यवस्था पर सख्त नाराजगी जताई। कोर्ट ने इसे कमजोर बताते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था से ग्राहकों को सचेत करने का मूल उद्देश्य ही विफल हो जाएगा। यह पूरा मामला '3एस एंड आवर हेल्थ सोसायटी' नामक एक गैर-लाभकारी संगठन की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया, जिसने भ्रामक स्टार रेटिंग के बजाय पैकेट के सामने वाले हिस्से पर स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाने की मांग की थी।
10 हफ्ते में प्रगति रिपोर्ट, 4 महीने में नियम लागू करने का निर्देश
शीर्ष अदालत ने एफएसएसएआई को कड़े निर्देश देते हुए कहा है कि नए नियमों को अंतिम रूप देकर लागू करने की पूरी प्रक्रिया आगामी चार महीनों के भीतर पूरी कर ली जाए। इसके साथ ही, प्राधिकरण को अगले 10 हफ्तों के भीतर एक हलफनामा दाखिल कर नए नियमों की तैयारी का पूरा ब्योरा कोर्ट के समक्ष पेश करना होगा।
एडेड नहीं, कुल चीनी और फैट की देनी होगी जानकारी
सुप्रीम कोर्ट ने खाद्य कंपनियों की चालाकी पर लगाम कसते हुए कहा कि एफएसएसएआई यह सुनिश्चित करे कि पैकेटों पर केवल बाहर से मिलाई गई चीनी (एडेड शुगर) या वसा (एडेड फैट) के आंकड़े न दिए जाएं, बल्कि उत्पाद में मौजूद 'कुल शुगर' और 'कुल फैट' की पूरी जानकारी साझा की जाए। पैकेट के बिल्कुल सामने वाले हिस्से (फ्रंट ऑफ पैक) पर नमक, कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट को प्रमुख चिंताजनक पोषक तत्वों के रूप में स्पष्ट रूप से दर्शाया जाना चाहिए।
पैकेट के 4 से 5 फीसदी हिस्से पर दिखेगी चेतावनी
उपभोक्ता खरीदारी करते समय इन चेतावनियों को नजरअंदाज न कर सकें, इसके लिए अदालत ने लेबल का आकार भी तय कर दिया है। आदेश के मुताबिक, प्रत्येक चेतावनी वाला लाल निशान पैकेट के सामने वाले हिस्से की कुल जगह का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत स्थान घेरेगा। इससे दूर से ही यह साफ नजर आएगा और ग्राहक अपनी सेहत के प्रति सजग होकर सही विकल्प चुन सकेंगे।

Comments (0)