वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के सहस्राब्दियों पुराने आध्यात्मिक, बौद्धिक और सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाने के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) पूरी तरह तैयार है। 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 'काशी तमिल संगमम्' के पाँचवें संस्करण (Kashi Tamil Sagmam 5.0) का मुख्य विषय "तिरुक्कुरल पयिलवोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें" रखा गया है। महान संत-कवि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित इस कालजयी तमिल ग्रंथ पर केंद्रित यह आयोजन नैतिकता और सदाचार के सार्वभौमिक मूल्यों को रेखांकित करता है, जिसे तीन प्रमुख भागों अराम (सद्गुण), पोरुल (धन) और इनबम (प्रेम) में समाहित किया गया है।


इस प्रतिष्ठित आयोजन के प्रमुख शैक्षणिक साझेदार के रूप में बीएचयू ने आईआईटी (बीएचयू) और आईआईटी मद्रास के साथ मिलकर सांस्कृतिक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों की एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक बीएचयू परिसर में तमिलनाडु से आने वाले कुल 1,750 प्रतिनिधियों का स्वागत किया जाएगा, जिन्हें 250-250 सदस्यों के सात विशिष्ट समूहों में बाँटा गया है। विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडियाकर्मी, किसान, शास्त्रीय संगीतकार, कलाकार, महिला प्रतिनिधि और आध्यात्मिक वक्ता जैसे विविध वर्गों के ये प्रतिनिधि अपनी रुचि के अनुरूप शैक्षणिक सत्रों में भाग लेंगे। इस पहल का उद्देश्य 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को सशक्त करते हुए दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत को प्रगाढ़ करना तथा प्रतिनिधियों को राष्ट्र निर्माण में बीएचयू के गौरवशाली योगदान से परिचित कराना है।


समारोह से पूर्व बीएचयू के समिति कक्ष संख्या 1 में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने प्रथम संस्करण से ही इस महायज्ञ का अभिन्न हिस्सा होने पर अत्यंत गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह संगमम् भारत की दो प्राचीन ज्ञान-नगरियों के बीच विचारों, परंपराओं और दर्शन के निरंतर प्रवाह का सशक्त सेतु है, और विश्वविद्यालय सभी अतिथियों के अनुभव को अविस्मरणीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि यह पहल उन साझा साहित्यिक और दार्शनिक परंपराओं को पुनर्जीवित करती है, जिन्होंने सदियों से भारत की सामूहिक सांस्कृतिक पहचान गढ़ी है।


शैक्षणिक विमर्शों के साथ-साथ नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह के नेतृत्व में बीएचयू परिसर उत्सव के रंग में रंगा हुआ है। 1,500 से अधिक ऊर्जावान छात्र स्वयंसेवकों के सहयोग से परिसर में संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक व शास्त्रीय संगीत, रंगोली, मेंहदी, कैलीग्राफी, डिजिटल आर्ट, पोस्टर डिज़ाइन, आर्ट इंस्टॉलेशन, केटीएस यूथ क्विज़ और कल्चरल फ्लैश मॉब जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 27 नवंबर को आयोजित होने वाली "रन फॉर काशी तमिल संगमम् 5.0" युवाओं के उत्साह और सांस्कृतिक एकता के साझा संकल्प को प्रदर्शित करेगी।


सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सीधे कक्षाओं तक ले जाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी के ज्ञाता 50 शिक्षक तीन पवित्र नगरियों—वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15—में तैनात किए जाएँगे, जो भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन के सहयोग से लगभग 3,000 विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश के राज्य नोडल संस्थान के रूप में बीएचयू एक राष्ट्रव्यापी अभियान का संचालन कर रहा है, जिसके तहत देशभर के 1,000 संस्थानों से चयनित एक-एक विद्यार्थी अपनी मातृभाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे। 15 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होने वाले इस एक माह के कार्यक्रम के अंत में शोध-टिप्पणी जमा करने और सत्यापन के उपरांत प्रत्येक विद्यार्थी को डीबीटी के माध्यम से ₹10,000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी, जिससे युवा पीढ़ी तमिल साहित्य और भारतीय संस्कृति की सच्ची दूत बन सके।