वाराणसी। काशी शनिवार को उत्तर और दक्षिण भारत की साझा विरासत और कला का भव्य मंच बनने जा रही है। नमो घाट पर सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से 'काशी-तमिल संगमम' के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री बीएचयू के भारत कला भवन में 'सीआईआई बनारस बिएनाले-2026' का भी शुभारंभ करेंगे।


उद्घाटन से पूर्व मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे सीएम


औपचारिक कार्यक्रमों की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी के प्रमुख देवालयों में मत्था टेकेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 10:30 बजे बाबा कालभैरव मंदिर और 10:45 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। मंदिर से 10:55 बजे प्रस्थान कर वे ठीक 11 बजे नमो घाट पहुंचेंगे। संगमम के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री नमो घाट पर आयोजित 'एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच' के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और फिर बीएचयू के लिए रवाना होंगे।



1,750 मेहमानों के लिए शैक्षणिक सत्र और आध्यात्मिक यात्रा


12 दिसंबर तक चलने वाले इस महाआयोजन में तमिलनाडु से 1,750 प्रतिनिधि सात अलग-अलग समूहों (प्रत्येक में 250 सदस्य) में काशी आएंगे। आयोजन के प्रमुख शैक्षणिक साझेदार बीएचयू और आईआईटी-बीएचयू में 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक विशेष संवाद, चर्चा और ज्ञान-विनिमय सत्र आयोजित होंगे। इसके साथ ही, लगभग 3,000 विद्यार्थियों को महान तमिल ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' की शिक्षाओं से जोड़ा जाएगा।


वाराणसी प्रवास के बाद सभी मेहमान प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा पर भी जाएंगे। आठ दिनों के इस पूरे कार्यक्रम में चार दिन यात्रा और चार दिन भ्रमण व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए तय किए गए हैं। अतिथियों के स्वागत और व्यवस्था संचालन के लिए 1,500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। आयोजन के दौरान बीएचयू परिसर में संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, शास्त्रीय व लोक संगीत, रंगोली, कैलीग्राफी, फोटोग्राफी और डिजिटल आर्ट की छटा भी बिखरेगी।


देश में पहली बार: एआई के जरिए 22 भाषाओं में भाषण का लाइव अनुवाद


तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ते हुए, इस कार्यक्रम में पहली बार एआईसीटीई के 'अनुवादिनी एआई' प्लेटफॉर्म के माध्यम से भाषणों का सीधा अनुवाद प्रसारित होगा। एआई प्रमुख बुद्धा चंद्रशेखर के अनुसार, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के तमिल भाषण को दर्शक 22 भारतीय भाषाओं में लाइव सुन सकेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी के हिंदी संबोधन का 11 भारतीय भाषाओं में सीधा प्रसारण किया जाएगा।


वीवीआईपी दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा का घेरा बेहद सख्त कर दिया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार शाम पुलिस लाइन में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। वीवीआईपी रूट के सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों की ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।