वाराणसी। नकली दवाओं के अंतरप्रांतीय अवैध कारोबार का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए वाराणसी पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। एसटीएफ द्वारा मुख्य सप्लायर अभिषेक सिंह समेत हाशिम और मोनू की गिरफ्तारी के बाद अब रोहनिया पुलिस इस गिरोह के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने में जुट गई है। पुलिस हाशिम और मोनू को पूछताछ के लिए वाराणसी लाने की तैयारी कर रही है, जिसके लिए दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड और मामले से जुड़े अहम सबूत खंगाले जा रहे हैं।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को 'वारंट बी' के माध्यम से वाराणसी लाने के लिए आवश्यक दस्तावेज और पुख्ता साक्ष्य तैयार किए जा रहे हैं। पहले पुलिस टीम को अगले 48 घंटों के भीतर रवाना होना था, लेकिन जांच को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अब पूरे सबूतों और कागजी कार्रवाई को दुरुस्त करने के बाद मेरठ के लिए रवाना होगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस टीम हिमाचल प्रदेश जाकर भी इस सिंडिकेट से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।


नालागढ़ फैक्टरी और चितईपुर गिरफ्तारी से जुड़े हैं तार


गौरतलब है कि बीते दिनों मेरठ एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले स्थित नालागढ़ क्षेत्र में एक किराये के मकान में चल रही नकली दवा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। मौके से दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके खिलाफ मेरठ में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। इसी सिंडिकेट के मुख्य सरगना अभिषेक सिंह को एसटीएफ ने वाराणसी के चितईपुर इलाके से दबोचा था, जिसके संबंध में रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज है।


पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस


"आरोपियों से गहन पूछताछ के लिए पुलिस टीम को जल्द ही मेरठ भेजा जाएगा। पूरे नेटवर्क की कड़ियों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ नकली दवाओं की आपूर्ति में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांची जा रही है। इसके लिए जरूरी दस्तावेज और साक्ष्यों को मजबूत किया जा रहा है।"

— अवधेश विश्वकर्मा, एसीपी रोहनिया