Year Ender 2024: साल खत्म होने मे महज दो दिन शेष बचे हुए हैं। हर जाता हुआ साल अपने साथ कुछ खट्टी मीठी यादें छोड़ जाता है। जिससे सबक लेते हुए लोग नए साल का स्वागत करते हैं। इन सब में कुछ यादें ऐसी भी होती हैं, भुलाए नहीं भूलती।
2024 धमकियों भरा साल रहा। देखा जाय तो इस साल प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और वायुयानों को धमकियां दी गईं। लेकिन इन सभी में सबसे ज्यादा दहशत स्कूलों में रही। जब दिल्ली-NCR के कई स्कूलों को धमकी दी गई।
.jpeg)
इस साल दिल्ली-एनसीआर में बम धमकी की घटनाओं ने दहशत और अव्यवस्था का माहौल बना दिया। स्कूल, अस्पताल, एयरपोर्ट, मॉल, और कॉलेज जैसी सार्वजनिक जगहों को बार-बार निशाना बनाया गया, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई। पुलिस को न केवल स्थानीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जांच के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
स्कूलों से लेकर एयरपोर्ट तक धमकी का सिलसिला
2024 में धमकियों की शुरुआत 1 मई को हुई, जब दिल्ली-एनसीआर के 200 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद, 12 मई को आठ प्रमुख अस्पतालों और IGI एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई। 24 मई को दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई कॉलेज निशाने पर रहे, जबकि 21 अगस्त को 100 अस्पतालों और एक शॉपिंग मॉल को धमकी भरी ईमेल भेजी गई। दिसंबर के पहले हफ्ते में 50 स्कूलों को ऐसी ही धमकियों का सामना करना पड़ा।
जांच में वीपीएन बना चुनौती
पुलिस ने इन धमकी भरे ईमेल और कॉल्स की गहन जांच की। हालांकि, ज्यादातर मामलों में वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) के इस्तेमाल ने जांच को जटिल बना दिया। कुछ धमकियों के IP एड्रेस विदेशी स्थानों जैसे रूस, अमेरिका, और अफ्रीका से जुड़े पाए गए, जबकि एक मामला हंगरी के बुडापेस्ट से संबंधित निकला।
पुलिस ने स्कूलों को भेजी गई धमकी की जांच के दौरान कुछ नाबालिग छात्रों को पकड़ा, जो मजाक के तौर पर ऐसा कर रहे थे। उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। एक 17 वर्षीय स्कूल ड्रॉपआउट लड़के को सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

सुरक्षा पर पड़ा भारी असर
इन धमकियों ने दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बम निरोधक दस्ते ने अपनी SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) में बदलाव किए और उपकरणों की समीक्षा शुरू की। इन धमकियों की वजह से कई स्कूलों और कॉलेजों को खाली कराना पड़ा। परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ीं और अस्पतालों में मरीजों का इलाज प्रभावित हुआ।
पुलिस पर बढ़ा काम का दबाव
पुलिस का कहना है कि इन घटनाओं ने न केवल जनता को डराया, बल्कि उनके काम का बोझ भी कई गुना बढ़ा दिया। हर धमकी के बाद बम निरोधक दस्ता तैनात करना पड़ा, जिससे अन्य मामलों की जांच प्रभावित हुई।
Comments (0)