इजराइल पर 7 अक्टूबर 2023 को हुए भीषण हमले के मास्टरमाइंड और हमास प्रमुख याह्या सिनवार को इजराइल ने मार गिराया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और विदेश मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार रात को उसकी मौत की पुष्टि की। नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘हमने हिसाब बराबर कर लिया है, लेकिन युद्ध अभी समाप्त नहीं हुआ।’


दरअसल, 16 अक्टूबर को इजराइल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने मध्य गाजा में एक नियमित ऑपरेशन के दौरान एक इमारत पर हमला किया था। इस हमले में हमास के तीन सदस्य मारे गए थे, जिसमें बाद में एक की पहचान याह्या सिनवार के रूप में हुई। सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें वायरल हुईं, जिसमें उसके चेहरे, दांत और घड़ी से पुष्टि की गई कि मारा गया व्यक्ति सिनवार था।


7 अक्टूबर 2023 के हमले में 1200 इजराइली नागरिकों की मौत के बाद से इजराइल और हमास के बीच संघर्ष चल रहा है, और यह हमला उसी का बदला था। सिनवार की मौत की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट भी किया गया, हालांकि, यह पहला मौका नहीं था जब इजराइल ने उसे मारने की कोशिश की हो। 23 सितंबर को भी उसकी मौत का दावा किया गया था, लेकिन वह झूठा निकला था।

 


प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा, ‘इतिहास में यहूदियों के खिलाफ होलोकास्ट के बाद यह सबसे भयानक नरसंहार था, और इसे अंजाम देने वाले शख्स को खत्म कर दिया गया है। हमने अपना बदला ले लिया है, लेकिन युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ। हालांकि, यह युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है, अगर हमास हमारे बंधकों को लौटा दे।’


सिनवार की मौत पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘यह दिन इजराइल, अमेरिका और पूरी दुनिया के लिए एक खुशी का दिन है। सिनवार 7 अक्टूबर के हमले का मास्टरमाइंड था और वह हजारों इजराइली, फिलिस्तीनी, अमेरिकी और अन्य देशों के नागरिकों की मौत का जिम्मेदार था।’

 


इजराइली सेना ने सिनवार से जुड़ा एक ड्रोन फुटेज भी जारी किया है, जिसमें उसके अंतिम क्षण दिखाए गए हैं। फुटेज में सिनवार एक बर्बाद अपार्टमेंट में धूल से भरे सोफे पर बैठा है, उसका चेहरा और सिर स्कार्फ से ढका हुआ है। ड्रोन के पास आने पर वह अपनी छड़ी फेंक कर उसे भगाने की कोशिश करता दिखता है। IDF के प्रवक्ता डैनियल हगारी ने बताया कि उस वक्त उन्हें नहीं पता था कि वह सिनवार है, लेकिन इमारत पर बमबारी के बाद जब शवों की जांच की गई, तब उसकी पहचान हुई।