मऊ। प्रयागराज निवासी युवक द्वारा महिला कांस्टेबल से रूपयों की ठगी का मामला सामने आया है। मऊ जनपद की मुहम्मदाबाद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। एडीजी वाराणसी पियूष मोर्डिया के निर्देश पर मऊ पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है।

 


महिला कांस्टेबल के साथ धोखाधड़ी


मऊ के मुहम्मदाबाद कोतवाली में तैनात महिला कांस्टेबल अंकिता सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता के निधन के बाद उनकी मां अक्सर बीमार रहती हैं। अपनी मां की देखभाल के लिए उन्होंने चंदौली जिले में स्थानांतरण की इच्छा जताई थी। इस बारे में उन्होंने प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र में रहने वाली अपनी साथी महिला कांस्टेबल से बात की। साथी कांस्टेबल ने दावा किया कि उसका भाई अर्पण पांडेय इस काम को आसानी से करवा सकता है।


जब अर्पण से बात की गई, तो उसने महिला कांस्टेबल से स्थानांतरण कराने के लिए 40 हजार रुपये की मांग की। महिला कांस्टेबल ने उसे तीन बार में कुल 6 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे। हालांकि, बाद में यह स्पष्ट हो गया कि अर्पण पांडेय ने उनसे ठगी की थी।


आरोपी के खिलाफ कई गंभीर आरोप


जांच के दौरान पता चला कि अर्पण पांडेय पहले से ही धोखाधड़ी और ठगी जैसे मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ प्रयागराज के धूमनगंज थाने में एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। 


सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पुलिस और न्यायपालिका के उच्चाधिकारियों को कभी जज तो कभी डबल एजीए (असिस्टेंट एडवोकेट जनरल) बनकर फोन करता था। उसने इसी तरीके से कई स्थानांतरण करवाए थे।


महिला कांस्टेबल की शिकायत से खुला मामला


महिला कांस्टेबल द्वारा ठगी की शिकायत एडीजी वाराणसी पियूष मोर्डिया से किए जाने के बाद यह मामला प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई शुरू की। मुहम्मदाबाद पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह अभी फरार है।


पुलिस की जांच में जुटी टीमें


मऊ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मुहम्मदाबाद और प्रयागराज की धूमनगंज पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं। आरोपी की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किस-किस से संपर्क किया और किनके ट्रांसफर फर्जीवाड़े के जरिए कराए।


मुहम्मदाबाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया है। धूमनगंज पुलिस भी उसकी गतिविधियों की जांच में जुटी है। आरोपी के खिलाफ नए सिरे से धोखाधड़ी और ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की टीम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।