वाराणसी। दिल्ली के राजेंद्र नगर में बेसमेंट में छात्राओं की मौत के बाद यूपी में भी सरकार ने बेसमेंट में चल रहे कोचिंग सेंटर पर शिकंजा करना शुरू कर दिया है। योगी सरकार ने ऐसे कोचिंग सेंटर के जांच के आदेश दिए हैं, जो कि बेसमेंट में अपना कोचिंग चला रहे थे और जिनमें खतरे की आशंका है।
इसी क्रम में वाराणसी विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को वाराणसी व चंदौली में छापेमारी की। जिसमें प्राधिकरण की टीम ने कुल एक दर्जन कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्यवाही की है। ये सभी संस्थान मानक का पालन नहीं कर रहे थे। जिसे लेकर VDA ने इन पर सख्ती बरती है।

वाराणसी विकास प्राधिकरण की टीम ने वाराणसी के 4 जोन व मुगलसराय को 5वां जोन बनाकर अलग-अलग टीमें लगाकर अभियान चलाया। जिसके तहत प्रथम जोन में वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत शिवम इंस्टीट्यूट, आकांक्षा सेल्फ स्टडी लाइब्रेरी, शुभम डिजिटल लाइब्रेरी (कोयराजपुर), एनआर इंस्टीट्यूट (बैजलपट्टी) के अनिधिकृत बेसमेंट भवन को सील किया गया। इसके बाद द्वितीय जोन सारनाथ में एस एस ट्यूटोरियल, महादेवनगर आशापुर सारनाथ, आशा अकादमी बलुआ रोड को सील किया गया तथा इंटायर एजुकेशन तिलमापुर बलुआ रोड सारनाथ, आधार इंस्टीट्यूट आशापुर को नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद तीसरे जोन में दुर्गाकुंड भेलूपुर स्थित जेआरएस कोचिंग व रक्षक अकादमी को सील किया गया। इन दोनों संस्थानों में बेसमेंट में कोचिंग चल रही थी। इसके साथ ही चौथे जोन मुगलसराय में प्रिवेल कोचिंग क्लासेस मुगलसराय के अनाधिकृत बेसमेंट प्रयोग को सील कराया गया l

VDA की टीम ने वाराणसी व चंदौली के विभिन्न क्षेत्रों में कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में चल रहे कोचिंग सेंटर पर छापा मारा। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कोचिंग सेंटर के नक्शे में खामियां व पार्किंग नहीं होने पर कई कोचिंग सेंटर के प्रबंधकों को नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा जहां बेसमेंट में क्लासरूम चल रही है, उसे तत्काल सील किया गया है।
VDA जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि शासन के आदेश पर विभिन्न क्षेत्रों में छापामारी की जा रही है। जहां पर भी बेसमेंट में कोचिंग चल रहे हैं, उसे तत्काल सील कर दिया जा रहा है। भेलूपुर जोन में VDA के अधिकारियों ने 10 कोचिंग संस्थानों में छापेमारी की, जिसमें दो संस्थाओं को सील कर दिया गया। VDA की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Comments (0)