वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी निधि तिवारी को अपना निजी सचिव (Private Secretary) नियुक्त किया है। इससे पहले वह प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में उप सचिव (Deputy Secretary) के पद पर कार्यरत थीं। उनकी नियुक्ति का आधिकारिक आदेश कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा 29 मार्च 2025 को जारी किया गया।

 


निधि तिवारी का करियर सफर


निधि तिवारी 2014 बैच की भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं। उन्होंने 2013 में सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिसमें उनकी ऑल इंडिया रैंक 96 थी। सिविल सेवा में चयन से पहले वह वाराणसी में असिस्टेंट कमिश्नर (कॉमर्शियल टैक्स) के रूप में कार्यरत थीं। नौकरी के साथ ही उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की।

 


2014 में उन्होंने विदेश मंत्रालय के डिस-आर्मामेंट एंड इंटरनेशनल सिक्योरिटी अफेयर्स डिवीजन में अंडर सेक्रेटरी के रूप में सेवाएं दीं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें विदेश मंत्रालय के बेस्ट ऑफिसर ट्रेनी अवार्ड से सम्मानित किया गया।

 


PMO में अनुभव और नई जिम्मेदारी


निधि तिवारी नवंबर 2022 से प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव (Deputy Secretary) के रूप में कार्यरत थीं। इस दौरान उन्होंने विदेश नीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा और राजस्थान से जुड़े मामलों पर काम किया।


वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के साथ भी काम कर चुकी हैं। पीएमओ में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विदेशी कूटनीति और सुरक्षा मामलों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अब निजी सचिव के रूप में, निधि तिवारी की जिम्मेदारी होगी कि वे प्रधानमंत्री की दैनिक गतिविधियों, बैठकों और सरकारी विभागों के समन्वय का प्रबंधन करें।

 


महिला सशक्तिकरण का संदेश


प्रधानमंत्री कार्यालय में पहले भी कई महिला अधिकारियों को उच्च पदों पर नियुक्त किया गया है। निधि तिवारी की इस नियुक्ति को महिला सशक्तिकरण के रूप में भी देखा जा रहा है। वाराणसी की मूल निवासी निधि तिवारी अब प्रधानमंत्री मोदी के सबसे करीबी सहयोगियों में शामिल हो गई हैं।