वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिहार निवासी युवक ने युवती को मदद के बहाने अपने कमरे पर बुलाया और वहां अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
.jpeg)
शिवपुर निवासी युवती सोमवार रात घरवालों से झगड़कर घर से निकल गई थी। कैंट क्षेत्र में ऑटो पकड़कर वह कबीरचौरा चौराहे पर पहुंची। वहीं उसे बिहार निवासी कल्लू नाम का युवक मिला। उसने युवती से पूछा कि वह वहां क्यों खड़ी है। युवती ने पहले उसे नजरअंदाज किया, लेकिन कल्लू ने मदद का भरोसा देकर कहा कि रात का समय है, यहां खड़ा रहना सुरक्षित नहीं है। उसने उसे अपने कमरे पर चलने और सुबह घर छोड़ने की बात कही।
कल्लू ने युवती के लिए कैब बुक की और उसे अपने कमरे पर ले गया। वहां पहुंचने के बाद उसने अपने तीन दोस्तों को बुलाया और सभी ने मिलकर युवती के साथ गैंगरेप किया।
घटना के दौरान युवती ने मौका देखकर शोर मचाया, जिससे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। चेतगंज पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। युवती ने आरोप लगाया कि उसे मारा-पीटा गया और शरीर पर चोट पहुंचाई गई।
युवती ने यह भी कहा कि पुलिस ने शुरू में गैंगरेप का मामला सुनने के बावजूद कार्रवाई में हीलाहवाली की। एक दिन बाद उसका मेडिकल मुआयना कराया गया और दबाव बनने पर एफआईआर दर्ज की गई।
एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि कल्लू और उसके तीन अज्ञात दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण हो चुका है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments (0)