लखनऊ। यूपी में मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है। इस सप्ताह जहां बुधवार और गुरुवार को कई जनपदों में हल्की तो कई जगहों पर झमाझम बारिश हुई। वहीं शुकवार की शाम से अच्छी बारिश ने पूरे यूपी को भिगोया है। जिससे लोगों को उमस से निजात मिली है।  

 


इसी बीच मौसम विभाग ने शनिवार को यूपी के 13 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के 34 जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इस बीच 10 से लेकर 60 MM तक बारिश हो सकती है। प्रदेश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून की ट्रफ लाइन गंगा के मैदानी इलाकों तक आ गई है।

 


मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिन में अच्छी बारिश हो सकती है। हालांकि, तापमान में कोई ज्यादा फर्क नहीं आएगा। उमस से राहत नहीं मिलने वाली है। लखीमपुर खीरी में घाघरा नदी में डूबने से कांवड़िए की मौत हो गई है। वाराणसी का रत्नेश्वर महादेव मंदिर गंगा में आधे से ज्यादा डूब गया है। हालांकि, गंगा का जलस्तर कम हुआ है। यूपी के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ़ नजर आ रही हैं। जिलों के प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण करने लगे हैं। 

 


इन जिलों में वज्रपात की आशंका


बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरपुर, बागपत, मेरठ, गाज़ियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झाँसी, ललितपुर।