गाजियाबाद के डासना देवी मंदिर में 4 अक्टूबर 2024 को शुक्रवार के दिन बड़ी संख्या में मुस्लिम भीड़ जुटने की घटना सामने आई। इस दौरान भीड़ मंदिर में घुसने की कोशिश कर रही थी और भड़काऊ नारेबाजी कर रही थी। पुलिस ने किसी तरह मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद हिंदू समुदाय में गुस्सा फैल गया, और उन्होंने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की। ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर को इस घटना का मास्टरमाइंड बताया गया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लोग आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की माँग कर रहे हैं और इसके न होने पर 13 अक्टूबर को महापंचायत का ऐलान किया गया है।
इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी और पीड़िता भाजपा नेत्री डॉ. उदिता त्यागी ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर को सोमवार को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इस हमले को एक सोची-समझी साजिश बताया और आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय को इस घटना के लिए मोहम्मद जुबैर, असदुद्दीन ओवैसी और अरशद मदनी ने उकसाया। यह भी कहा गया कि इस हमले में बाहर से आए मुस्लिम लोगों की भूमिका रही है।
.jpeg)
डॉ. उदिता का कहना है कि इस हमले के पीछे यति नरसिंहानंद गिरी की हत्या की साजिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने 5 अक्टूबर को यति नरसिंहानंद को अवैध रूप से हिरासत में लिया। उदिता ने मांग की कि हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनकी शिकायत पर मंदिर में मौजूद दर्जनों हिंदुओं ने हस्ताक्षर किए हैं, जो घटना के समय वहाँ मौजूद थे।
इस शिकायत के आधार पर गाजियाबाद के कवि नगर थाने में मोहम्मद जुबैर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह मामला भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हुआ है। ऑपइंडिया के पास FIR की कॉपी भी मौजूद है।
डॉ. उदिता ने एक वीडियो बयान में मोहम्मद जुबैर पर तुरंत FIR दर्ज करने और हमलावरों पर NSA के तहत कार्रवाई करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो 13 अक्टूबर को एक ऐतिहासिक महापंचायत आयोजित की जाएगी।
आज सभी हिंदू संगठनों ने मिलकर अपनी तीन माँगें प्रशासन के समक्ष रखी
— डॉ उदिता त्यागी (@druditatyagi) October 7, 2024
* यती नरसिंहानंद गिरी जी महाराज की रिहाई और सुरक्षा सुनिश्चित की जाये
* सर तन से जुदा नारे लगाने वालों पर रासुका लगे
* ज़ुबैर पर FIR कर तत्काल गिरफ़्तारी हो @Uppolice @ghaziabadpolice @myogiadityanath https://t.co/52nPIgwIdE
उदिता ने पुलिस कमिश्नर को एक और शिकायत दी, जिसमें जुबैर की कई कथित गतिविधियों का जिक्र किया गया। उनका दावा है कि जुबैर ने 10 हिंदूवादी लोगों की एक सूची बनाई है, जिन्हें कट्टरपंथियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। इस सूची में उनका नाम भी है, और उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने नूपुर शर्मा मामले का हवाला देते हुए कहा कि जुबैर उस घटना में 6 निर्दोष लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार था।

डॉ. उदिता ने कहा कि अगर जुबैर को जेल नहीं भेजा गया, तो वह और हिंदुओं के लिए खतरा बना रहेगा। हिंदू रक्षा दल ने भी यति नरसिंहानंद की रिहाई की माँग करते हुए ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने मंदिर पर हमले की सख्त निंदा की।
Comments (0)