लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 33 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई महत्वपूर्ण जिलों के जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को इधर-उधर किया गया है। माना जा रहा है कि ये बदलाव शासन की कार्यकुशलता को और धार देने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को देखते हुए किए गए हैं।

 


वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को कमिश्नरी से हटाकर अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नया सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान डीएम एस. राजलिंगम को वाराणसी का नया कमिश्नर बनाया गया है और सीएम के विशेष सचिव सत्येंद्र कुमार को जिले का नया डीएम नियुक्त किया गया है।

 


इसी तरह, लखनऊ नगर निगम के आयुक्त इंद्रजीत सिंह का भी तबादला करते हुए उन्हें विशेष सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग में तैनात किया गया है। उनकी जगह आईएएस गौरव कुमार को लखनऊ का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

 


भदोही के पूर्व डीएम विशाल सिंह को सूचना एवं संस्कृति निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शैलेश कुमार को भदोही का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पूर्व सूचना निदेशक शिशिर को एमएसएमई विभाग और निर्यात प्रोत्साहन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।


एक और बड़ी कार्रवाई में आईएएस लककु वेंकटेश्वर लू से परिवहन विभाग और यूपी रोडवेज के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी हटा ली गई है। अब इन पदों की अतिरिक्त जिम्मेदारी स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता को दी गई है।


हापुड़ की डीएम रहीं प्रेरणा शर्मा को सूडा का निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, अभिषेक पांडे को हापुड़ का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

 


अन्य प्रमुख तबादलों में:


•    संजय कुमार मीणा को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष,
•    शाश्वत त्रिपाठी को गोरखपुर का सीडीओ,
•    रविंद्र कुमार द्वितीय को डीएम आजमगढ़,
•    नवनीत सिंह चहल को विशेष सचिव मुख्यमंत्री,
•    अनुपम शुक्ला को डीएम अंबेडकरनगर,
•    अविनाश सिंह को बरेली का नया डीएम,
•    हर्षिता सिंह को सीडीओ प्रयागराज,
•    आर्यका अखौरी को विशेष सचिव स्वास्थ्य विभाग,
•    अविनाश कुमार को गाजीपुर का डीएम,
•    मृदुल चौधरी को डीएम झांसी,
•    गजल भारद्वाज को डीएम महोबा,
•    महेंद्र सिंह तंवर को डीएम कुशीनगर,
•    आलोक कुमार को डीएम संत कबीर नगर,
•    डॉ. उज्जवल कुमार को एमडी यूपी मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन,
•    पुलकित खरे को मिशन निदेशक कौशल विकास मिशन,
•    अनुभव सिंह को उपाध्यक्ष मुरादाबाद विकास प्राधिकरण,
•    शाहिद अहमद को सीडीओ श्रावस्ती,
•    जगदीश को सचिव गृह विभाग,
•    आईएएस अभय को सदस्य राजस्व परिषद,
•    डॉ. वेद पति मिश्रा को सचिव, यूपी राज्य सूचना आयोग बनाया गया है।