चंदौली। चंदौली जिले के सदर कोतवाली पुलिस ने वाजिदपुर जीटी रोड पर एक डंपर ट्रक से 210 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान ट्रक में छिपाए गए गुप्त स्थान से गांजा मिला, जिसे बोरों में पैक कर रखा गया था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार और वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल पर्यवेक्षण में की गई।

 


घटना के अनुसार, वाजिदपुर मोड़ के पास पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध डंपर ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। ट्रक का टायर फटा हुआ था और तेज गति से हाइवे पर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रक को रोक लिया। जब डंपर की जांच की गई, तो उसके ढाले के नीचे एक गुप्त बॉक्स बना हुआ पाया गया, जिसमें 7 हरे रंग के बोरों में गांजा पैक किया हुआ था।

 


गिरफ्तार तस्करों की पहचान कृष्णा महतो (49) निवासी बोकारो, झारखंड और अमित कुमार तिवारी (29) निवासी आरा, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लादकर वाराणसी ले जा रहे थे, जहां माल की डिलीवरी के निर्देश वाराणसी टोल प्लाजा के पास मिलने थे। 

 


पुलिस ने इस मामले में मु.अ.स. 253/2024 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बरामद गांजे की कुल कीमत अंतर्राष्ट्रीय मार्केट मंट कुल 53 लाख रुपए आंकी गई है।