भोलेनाथ के त्रिशूल पर टिकी काशी नगरी में छोटे-बड़े हजारों शिवालय हैं। हर मंदिर का अपना एक पौराणिक महत्त्व है लेकिन यहां एक ऐसा भी शिवलिंग स्थापित है जो हर साल तिल के बराबर बढ़ता है। हम बात कर रहे हैं वाराणसी के सोनारपुरा क्षेत्र में पांडेय हवेली में स्थित तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर की। तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर जिसे विभांडेश्वर के नाम से भी जाना जाता है 18वीं शताब्दी में निर्मित है। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस स्थान पर तिल के पौधे का एक खेत था। एक दिन तिल के ढेर से एक शिवलिंग प्रकट हुआ और उसके बाद स्थानीय लोग उसकी पूजा करने लगे।

शिवपुराण के काशीखण्ड में इस मंदिर का उल्लेख प्राप्त होता है। मंदिर परिसर छोटे-बड़े कुल मिलकर लगभग 53 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं विराजमान है। मंदिर के गर्भगृह के अंदर मौजूद शिवलिंग के बारे में दावा किया जाता है कि यह 2,500 साल पहले स्वयंभू शिवलिंग था। हालाँकि, काशी खंड और केदार खंड के बीच इस बात पर विसंगति है कि यह स्वयंभू है या नहीं। यह देखा गया है कि लिंग हर साल एक 'तिल' के आकार में बढ़ता है। वर्तमान में इसकी ऊंचाई 3।5 फीट है और इसके आधार का व्यास लगभग 3 फीट है।

बताया जाता है कि मुग़ल शासन के दौरान इस मंदिर को क्षति पहुँचाने के कई प्रयास किए गए लेकिन वे असफल रहे। मुग़ल शासकों ने मंदिर पर 3 बार आक्रमण भी किया किन्तु शिवलिंग को कुछ नहीं हुआ। मुग़ल शासक औरंगज़ेब द्वारा भेजे गए सैनिकों ने मंदिर को ध्वस्त करने के विचार से शिवलिंग पर प्रहार किया तो उसमें से रक्त की धारा बहने लगी। यह अद्भुत चमत्कार देखने के बाद मुग़ल सैनिक आश्चर्यचकित होकर भाग गए। यह भी कहा जाता है कि शिवलिंग के बढ़ने वाली बात की सत्यता जांचने के लिए अंग्रेजों ने इसके चारों ओर धागा बांध दिया था जो कुछ समय बाद टूट गया।
यहां आपको बनारसी और मलयाली संस्कृति का विशेष मिश्रण देखने को मिलेगा। इसमें अय्यपन की मूर्ति भी है, जो संभवतः वाराणसी में भगवान अय्यपन को समर्पित एकमात्र मंदिर है। अय्यप्पन आत्म-नियंत्रण के देवता हैं, जो भारत के दक्षिणी भाग में लोकप्रिय हैं। मान्यताओं के अनुसार यह स्वयंभू शिवलिंग है। प्राचीन काल में यह क्षेत्र ऋषि विभांड की तपस्थली हुआ करती थी। ऋषि विभांड यहीं पर भगवान शिव की पूजा करते थे। भगवान भोलेनाथ ने उनके तप से प्रसन्न होकर शिवलिंग के रूप में उन्हें दर्शन दिया तथा वरदान दिया था कि ये शिवलिंग हर साल तिल के बराबर बढ़ता रहेगा। इस शिवलिंग के दर्शन से अश्वमेघ यज्ञ से मिलने वाले पुण्य के बराबर पुण्य फल मिलता है। तिल के बराबर बढ़ते रहने से और ऋषि विभांड के नाम पर इस मंदिर को तिलभांडेश्वर नाम मिला है।
मंदिर से जुडी एक अन्य मान्यता भी बतायी जाती है। इसके अनुसार प्राचीन समय में इस क्षेत्र में तिल की खेती होती थी। उस समय किसानों को इस क्षेत्र में ये शिवलिंग दिखाई दिया था। लोगों ने शिवलिंग की पूजा करनी शुरू कर दी। यहां के लोग शिवलिंग पर तिल चढ़ाते थे। इस वजह से इसे तिलभांडेश्वर कहा जाने लगा। सावन के पवित्र माह में प्रत्येक सोमवार को यहां बाबा भोलेनाथ के विशाल शिवलिंग पर जल अर्पण कर बेलपत्र और फूलों से श्रृंगार होता है। हर साल शिवरात्रि पर 15 दिनों की अवधि के लिए मेले के साथ-साथ महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन किया जाता है। यह मंदिर महाशिवरात्रि के दौरान बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि उस दिन भोले बाबा की बारात यहीं से शुरू होती है। मंदिर सुबह 4।30 बजे खुलता है और रात 9 बजे बंद हो जाता है।
Comments (0)