- प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर भयानक हादसा

- तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 10 मजदूरों की मौत


वाराणसी/मिर्जापुर। जिले के कटका गांव के पास प्रयागराज-वाराणसी नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रक की तेज रफ्तार टक्कर से बाइक और ट्रैक्टर-मिक्सर मशीन पर सवार 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार तड़के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रामसिंहपुर ग्राम पंचायत की बीरबलपुर बस्ती के ग्रामीणों को जब इस हादसे की सूचना मिली, तो पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।

परिजन और ग्रामीण रोते-बिलखते घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई, एक गर्भवती महिला का पति और एक परिवार का इकलौता बेटा भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब भदोही के औराई क्षेत्र के तिउरी गांव में मकान की छत की ढलाई का काम करके 14 मजदूर और उनके मेठ ट्रैक्टर-मिक्सर मशीन और बाइक से घर लौट रहे थे। कटका गांव के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने पहले बाइक और फिर ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मारी।

 


इस दुर्घटना में अनिल कुमार (35), उनके भाई सूरज (22), सनोहर (25), राकेश कुमार उर्फ मुन्ना (25), भानू प्रताप (25), विकास कुमार (20), प्रेम कुमार (40), राहुल कुमार उर्फ टिल्लू (26), नितिन कुमार (20) और रोशन कुमार (17) की मौत हो गई। राकेश कुमार की पत्नी पूजा गर्भवती हैं। हादसे में आकाश कुमार (18), जमुनी (26), सभाजीत (30), और अजय सरोज (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।

 


गांव में मातम का माहौल

 

हादसे के बाद रामसिंहपुर ग्राम पंचायत में शुक्रवार का दिन बेहद दर्दनाक था। पूरे गांव में केवल महिलाओं के करुण क्रंदन की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जबकि पुरुष एक-दूसरे को सांत्वना देने में लगे थे। गांव के कई घरों में रात में चूल्हे तक नहीं जले। नवरात्र का दूसरा दिन होने के बावजूद इलाके के मंदिरों में कोई विशेष पूजा-पाठ नहीं हुआ, और चट्टी-चौराहों पर लोग हादसे की भयावहता को याद करके सहमते रहे। 

 

 

शवों के पहुंचते ही बस्ती में मचा कोहराम


शुक्रवार शाम को जब 10 एंबुलेंस में मृतकों के शव रामसिंहपुर ग्राम पंचायत की बीरबलपुर बस्ती में पहुंचे, तो मातम का माहौल और भी गहरा गया। महिलाएं अपने प्रियजनों के शवों से लिपट कर फूट-फूट कर रोने लगीं। पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग जमा हो गए, और वहां का दृश्य बेहद हृदय विदारक था। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह महिलाओं को शवों से दूर हटाया।

 

इसके बाद सभी शवों को एंबुलेंस से मिर्जापुर के कछवां बाजार थाना क्षेत्र के बरैनी घाट ले जाया गया, जहां गंगा किनारे एक साथ 10 शवों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी मौजूद रहे। 


अरुण कुमार के शव को नाना ने दी मुखाग्नि


बरैनी घाट पर आठ मृतकों का अंतिम संस्कार उनके पिता द्वारा किया गया, जबकि प्रेम कुमार के शव को उनके बेटे करन ने मुखाग्नि दी। अरुण कुमार के शव का अंतिम संस्कार उसके नाना द्वारा किया गया।