चंदौली। पीडीडीयू नगर के रहने वाले मोनू प्रतिदिन अपने घर से वाराणसी जाते हैं। इस दौरान उनका सामना जबरदस्त धूल व कीचड़ से होता है। यही हाल मोनू जैसे हजारों लोगों का है, जो अपने कार्य से वाराणसी की ओर जाते हैं, इस दौरान उन्हें कठिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका कारण पड़ाव से पीडीडीयू नगर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य है, जो कि दो वर्षों से जारी है, लेकिन विकास कार्य सुस्त होने के कारण अभी तक पूरा न हो सका है।
दरअसल, जिले के पीडीडीयू नगर में पड़ाव चौराहे से सुभाष पार्क तक सिक्स लेन निर्माण का कार्य लगभग दो वर्षों से चल रहा है। हालांकि, दुलहीपुर और पीडीडीयू नगर में अतिक्रमण के कारण इस कार्य की गति बेहद सुस्त हो गई है। जिला प्रशासन अब तक सड़क की जमीन पर से कब्जा नहीं हटा सका है, जिससे केवल 60 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। वहीं, स्थानीय व्यापारी सड़क की चौड़ाई कम करने की मांग कर रहे हैं। जिससे कि उनका नुकसान कम हो।

बता दें कि चंदौली में 328.28 करोड़ रुपये की लागत से पड़ाव से गोधना चौराहे तक 15 किलोमीटर सिक्स लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस समय पड़ाव चौराहे से सुभाष पार्क तक करीब आठ किलोमीटर का हिस्सा सिक्स लेन बनाया जा रहा है। लेकिन दुलहीपुर और स्थानीय बाजार में अतिक्रमण के कारण प्रगति में रुकावट आ रही है। दोनों बाजार लंबे समय से स्थापित हैं, जहां लोगों ने दुकानों और मकानों का निर्माण कर लिया है। अब सड़क चौड़ीकरण की योजना के चलते इन दुकानों और मकानों को हटाना आवश्यक हो गया है।

पीडब्ल्यूडी ने कई बार दुकानदारों और भवन मालिकों को जमीन खाली करने का नोटिस दिया है, लेकिन किसी ने भी इसका पालन नहीं किया। दुलहीपुर बचाओ संघर्ष समिति बनाकर दुकानदार इसका विरोध कर रहे हैं, और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सिक्स लेन की जगह फोरलेन बनाया जाए तो उनके निर्माण बच सकते हैं।
इस बीच, कार्यदाई संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील राठौड़ का कहना है कि जिला प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। जैसे ही कब्जा हटेगा, कार्य तेजी से पूरा कर लिया जाएगा।
Comments (0)