कर्नाटक के मांड्या जिले के नागमंगला कस्बे में बुधवार (11 सितंबर 2024) की रात गणपति विसर्जन के दौरान पथराव की घटना सामने आई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। इस घटना के बाद दो समुदायों के बीच झड़प हुई और कई दुकानों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई, जिसके चलते पूरा क्षेत्र हाई अलर्ट पर है।

 


घटना तब शुरू हुई जब बदरीकोप्पलु गाँव के युवक गणेश विसर्जन के लिए जुलूस निकाल रहे थे और जुलूस एक मस्जिद के पास पहुँचा। इसी दौरान, दोनों समुदायों के बीच जुलूस निकालने को लेकर बहस शुरू हो गई, जिसके बाद उपद्रवियों ने जुलूस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। स्थिति और बिगड़ने पर हथियार भी दिखाए गए।

 

 

 


पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए तुरंत हस्तक्षेप किया, लेकिन इससे पहले हिंसा बढ़ने लगी। जुलूस निकाल रहे लोगों ने गणेश प्रतिमा को पुलिस थाने के सामने रखकर न्याय की मांग की। इसके बाद कुछ जगहों पर आगजनी और टायर जलाने की खबरें भी आईं।


मांड्या के एसपी मल्लिकार्जुन बालडंडी ने बताया कि मस्जिद के सामने जुलूस पहुँचने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया। कुछ लोगों ने थाने के सामने आकर विरोध भी किया और सड़क पर खड़ी बाइकों में आग लगा दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, और इलाके में पुलिस और दमकल की गाड़ियाँ तैनात हैं।

 


इस घटना पर केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कॉन्ग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह घटना सरकार द्वारा एक समुदाय के तुष्टिकरण के कारण हुई है। वहीं भाजपा नेता सीटी रवि ने इसे "पत्थरबाजी आतंकवाद" करार देते हुए यूपी सरकार के कड़े कदम उठाने की मांग की।

 


गणेश विसर्जन के दौरान पहले भी हिंसा की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। हाल ही में गुजरात के सूरत, लखनऊ, वडोदरा और कच्छ में भी इसी प्रकार के विवाद सामने आए थे, जिससे इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है।