नई दिल्ली। बांग्लादेश में तख्त पलट के बीच पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद का विवादित बयान सामने आया है। सलमान खुर्शीद ने भारत की तुलना बांग्लादेश से कर दी है।  

 


सलमान खुर्शीद ने कहा है कि बांग्लादेश में जिस तरह की घटनाएं हो रही हैं, वैसी भारत में भी हो सकती हैं। भले ही सतह पर चीजें सामान्य ही क्यों ना नजर आएं। पूर्व केंद्रीय मंत्री खुर्शीद शिक्षाविद मुजीबुर रहमान की किताब 'शिकवा-ए-हिंद: द पॉलिटिकल फ्यूचर ऑफ इंडियन मुस्लिम्स' की लॉन्चिंग के मौके पर बोल रहे थे। 

 


न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सलमान खुर्शीद ने कहा, "कश्मीर में सब कुछ सामान्य दिख सकता है। यहां सब कुछ सामान्य लग सकता है। हम भले ही जीत का जश्न मना रहे हों। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि जीत या 2024 की सफलता शायद बेहद मामूली थी। शायद अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है। सच तो यह है कि सतह के नीचे कुछ है। बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है। हमारे देश में इसका प्रसार चीजों को तरीके से फैलने से रोकता है, जिस तरह से बांग्लादेश में फैलाया गया है।"