Ramnavami 2024: रामनवमी के खास अवसर पर अयोध्या के श्री राम मंदिर में अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां प्रभु श्री राम के ललाट पर सूर्य तिलक किया गया। यह अलौकिक नजारा जिसने भी देखा, वह देखता ही रह गया।

 

यहां का दृश्य भक्ति से भाव विभोर कर देने वाला था। जैसे ही प्रभु श्री राम का सूर्य तिलक हुआ, पूरा मंदिर परिसर जय श्री राम के नारे के उद्घोष से गूंज उठा। सोशल मीडिया पर भी सूर्य तिलक का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

 

रामनवमी के दिन रामलला की विशेष पूजा की गई। वहीं अयोध्या में भक्तों का जन्म सैलाब उमड़ा हुआ है। लाखों भक्त अयोध्या आए हुए हैं। ठीक दोपहर 12:00 बजे रामलला का सूर्य तिलक हुआ। इसके बाद इसके बाद भगवान श्री राम की विशेष पूजा की गई और आरती उतारी गई।

रामलला के मंदिर में भीड़ को देखते हुए दर्शन का समय बढ़कर 19 घंटे कर दिया गया है। जो मंगला आरती से प्रारंभ होकर रात्रि 11 बजे तक चलेगा। चार बार लगने वाले भोग के लिए केवल 5 मिनट के लिए पर्दा बंद होगा। श्री राम जन्मोत्सव का प्रसारण अयोध्या नगरी में लगभग 100 बड़ी एलइडी स्क्रीन के माध्यम से किया जा रहा है। न्यास के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इसका लाइव प्रसारण किया जा रहा है।

 

रामनवमी के मद्देनजर अयोध्या में प्रशासन ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। जगह-जगह बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को कतार में दर्शन कराए जाने की व्यवस्था की गई है। भीड़ को देखते हुए दो पहिया और चार पहिया वाहनों के संचालन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 

Ramnavami 2024: रामनवमी पर अयोध्या में सब कुछ विशेष

 

रामनवमी उत्सव को लेकर राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास कहते हैं कि रामलला को छप्पन भोग लगाया गया। पूरी व्यवस्था कर ली गई है। आज रामनवमी का मेला है, भक्त प्रार्थना कर रहे हैं और आज सब कुछ विशेष है।