वाराणसी। सर्राफा व्यापारियों के साथ हो रहे अधिकतर लूट, हमले आदि को लेकर सर्राफा संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा। वाराणसी, चंदौली समेत यूपी के कई जिलों के सर्राफा संगठन पदाधिकारियों और व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि ने ज्ञापन लिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि सोने-चांदी के व्यापार से जुड़े लोगों की जानमाल की सुरक्षा को सरकार प्राथमिकता दे और ठोस कदम उठाए।

सर्राफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष किशन सेठ ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बीते कुछ समय से सर्राफा व्यवसायी लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं। कहीं लूट हो रही है तो कहीं जानलेवा हमले। ऐसी स्थिति में व्यापारियों का विश्वास टूट रहा है और उनका व्यवसाय खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को सर्राफा समाज की सुरक्षा के लिए त्वरित और सख्त कदम उठाने होंगे।
ज्ञापन में सर्राफा संगठनों ने कुल पांच प्रमुख मांगें रखीं। पहली और अहम मांग यह रही कि सर्राफा व्यवसायियों को आत्मरक्षा के लिए असलहे का लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर तत्काल जारी किया जाए, ताकि वे अपनी सुरक्षा खुद कर सकें। दूसरी मांग में कहा गया कि किसी भी सर्राफा व्यवसायी की हत्या होने की स्थिति में प्रदेश सरकार उसके आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करे।

तीसरी मांग में यह भी जोड़ा गया कि मृतक सर्राफा व्यवसायी के परिवार में से किसी एक योग्य सदस्य को जीविकोपार्जन हेतु सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि उनका परिवार आर्थिक रूप से स्थिर रह सके। इसके साथ ही चौथी मांग में यह स्पष्ट किया गया कि यदि किसी व्यापारी की लूट या हत्या होती है तो दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और लूट का पूरा माल बरामद किया जाए।
सोनार नरहरि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि सर्राफा व्यापारियों को केवल अपराधियों से ही नहीं, बल्कि पुलिसिया उत्पीड़न और धन उगाही जैसी समस्याओं से भी दो-चार होना पड़ता है। उन्होंने मांग किया कि ऐसे मामलों की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से करवाई जाए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी, उनके परिजन और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा और प्रशासन स्तर पर जो भी संभव होगा, वह कदम उठाए जाएंगे।
Comments (0)