वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित काशी दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। पीएम मोदी की सभा और विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास को लेकर राजातालाब स्थित मेहंदीगंज में प्रस्तावित स्थल का मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने सभा स्थल की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी व्यवस्थाओं को फुलप्रूफ बनाने के आदेश दिए।

 


निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने सभा स्थल पर जर्मन हैंगर लगाने, मंच की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, सुरक्षा जांच, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को तेजी से कार्य पूरा करने का आदेश दिया और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। इसके अलावा, सभा स्थल पर गर्मी को देखते हुए छांव और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 


मंडलायुक्त ने सभा स्थल के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने जमीन को समतल करने, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने और अंडरपास में लगे पोस्टरों को हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, सभा स्थल तक पहुंचने के लिए सुगम रास्ता तैयार कराने और उस पर बैरिकेडिंग लगाने का आदेश दिया।


निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, एसडीएम राजातालाब शिवानी सिंह सहित पीडब्ल्यूडी, पुलिस, जिला पंचायत और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन इस दौरे को लेकर हर व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटा हुआ है ताकि पीएम मोदी की यात्रा में किसी भी प्रकार की कोई कमी न रह जाए।