लखनऊ। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यूपी में हाई अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों के इनपुट और संभावित आतंकी गतिविधियों की आशंका के मद्देनज़र यह कदम उठाया गया है।

 


प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, एयरपोर्ट, धार्मिक स्थल और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा की निगरानी बढ़ा दी गई है। लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, मथुरा और प्रयागराज जैसे संवेदनशील शहरों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और पीएसी की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी भी की जा रही है।

 


उत्तर प्रदेश की नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी चौकसी को और कड़ा कर दिया गया है। सीमाई जिलों—महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बलरामपुर और पीलीभीत में एसएसबी के साथ तालमेल बनाकर गहन निगरानी की जा रही है। सभी वाहनों की गहन जांच की जा रही है और बॉर्डर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

 


डीजीपी कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार, सभी कमिश्नरेट और जिला पुलिस प्रमुखों को अलर्ट मोड में काम करने के आदेश दिए गए हैं। उन्हें कहा गया है कि संदिग्ध गतिविधियों, वस्तुओं या व्यक्तियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सभी थानों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन शीघ्रता से किया जाए।


राज्य के खुफिया विभाग को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैल रही अफवाहों पर निगाह बनाए हुए है। प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।