जम्मू-कश्मीर की सुरम्य वादियों में मंगलवार दोपहर जो खूनखराबा हुआ, उसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने अचानक हमला बोल दिया। दोपहर करीब 2:45 बजे हुए इस हमले में 27 लोगों की जान चली गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस वीभत्स हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन 'द रेजिस्टेंट फ्रंट' (TRF) ने ली है।


टूरिस्ट्स की पहचान पूछकर मारी गोलियां


प्रत्यक्षदर्शियों और इंटेलिजेंस सूत्रों की मानें तो हमलावरों ने हमला करने से पहले कुछ पर्यटकों से नाम पूछे और उनसे कलमा पढ़ने को कहा। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के शुभम द्विवेदी को जब आतंकी संतुष्ट नहीं हुए तो उन्होंने उन्हें सिर में गोली मार दी। मृतकों में उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से आए एक-एक पर्यटक की भी जान चली गई, वहीं दो स्थानीय लोग भी इस खूनी वारदात का शिकार बने।

 


हमलावर सेना की वर्दी में थे, टूरिस्ट्स घबरा गए


इस हमले के बाद घाटी में अफरा-तफरी मच गई। भारतीय सेना जब घटनास्थल पर पहुंची तो घबराए हुए पर्यटकों ने उन्हें भी आतंकी समझ लिया। कई महिलाएं और बच्चे हाथ जोड़कर रोने लगे। वीडियो फुटेज में देखा गया कि जवानों को लोगों को समझाना पड़ा— "हम इंडियन आर्मी से हैं, डरिए मत।"


घाटी में जारी है तलाशी अभियान


फायरिंग के बाद आतंकी घने जंगलों की ओर भाग निकले। स्थानीय पुलिस और सेना ने इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया है। सूत्रों के मुताबिक, हमले में शामिल चार आतंकियों में दो विदेशी और दो स्थानीय हैं। इनकी पहचान और लोकेशन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां जुट गई हैं।


उरी में भी घुसपैठ की कोशिश, एनकाउंटर जारी


इस हमले के अगले ही दिन, बुधवार को उत्तरी कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास आतंकियों ने भारत में घुसने की कोशिश की। सतर्क भारतीय जवानों ने उन्हें रोकने के लिए फायरिंग की और मुठभेड़ शुरू हो गई। सेना के अनुसार, 2-3 आतंकियों को इलाके में देखा गया था और वहां भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

 


प्रधानमंत्री दौरा रद्द कर लौटे भारत


घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का दो दिवसीय दौरा बीच में ही रद्द कर दिया। वे मंगलवार को ही सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के आमंत्रण पर रियाद पहुंचे थे। उन्हें वहां स्टेट डिनर में शामिल होना था और एक फैक्ट्री में भारतीय कामगारों से मुलाकात भी प्रस्तावित थी, जिसे उन्होंने अचानक रद्द कर भारत लौटने का फैसला लिया।


राहुल गाँधी ने की शाह और उमर अब्दुल्ला से बात


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हमले की सूचना मिलते ही तुरंत जम्मू-कश्मीर का रुख किया और बुधवार को वे खुद पहलगाम जाएंगे। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी सक्रियता दिखाई और गृहमंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। राहुल गांधी ने 'X' पर लिखा कि पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता मिलनी चाहिए और न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

 


पुलवामा के बाद सबसे बड़ा हमला


यह हमला जम्मू-कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले के बाद सबसे बड़ा माना जा रहा है। पुलवामा हमले में जहां 40 CRPF जवान शहीद हुए थे, वहीं इस बार आम नागरिक और पर्यटकों को निशाना बनाया गया है, जो आतंकियों की नई रणनीति की ओर इशारा करता है।


सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था


इस हृदयविदारक घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों और इंटेलिजेंस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस इलाके में हजारों सैलानी हर साल घूमने आते हैं, वहां इस तरह का हमला कई सुरक्षात्मक खामियों की ओर इशारा करता है।


घाटी में भय, देश में आक्रोश


पहलगाम का यह हमला न सिर्फ घाटी में डर और मातम का माहौल पैदा कर गया है, बल्कि देशभर में आक्रोश भी फैला रहा है। सोशल मीडिया पर लोग तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


सवाल यही है कि आतंक की छाया से घाटी कब मुक्त होगी? सैलानी जो कश्मीर को धरती का स्वर्ग समझकर यहां आते हैं, उन्हें बार-बार ऐसे हादसों का शिकार क्यों बनना पड़ता है? आने वाले दिनों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई कितनी प्रभावशाली होगी, यह देखना बाकी है, लेकिन फिलहाल बैसरन घाटी का आकाश उन मासूमों की चीखों से भर गया है, जो शांति की तलाश में आए थे... और हिंसा की आग में झुलस गए।