चंदौली। विजयदशमी के पावन अवसर पर शनिवार को चंदौली के कटेसर से पड़ाव तक 5 किलोमीटर लंबी भव्य विजय यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों सनातनी भक्तों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। इस शोभायात्रा का नेतृत्व सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह ने किया। यात्रा की शुरुआत सुशील सिंह ने भगवान श्री राम, जानकी, लक्ष्मण और हनुमान की आरती से की, इसके बाद उन्होंने "जय श्री राम" का जयघोष करते हुए यात्रा का मार्गदर्शन किया और विश्व के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

 


भव्य शोभायात्रा में धार्मिक झलकियों ने मोहा मन


इस भव्य शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, विजय रथ, डमरू दल और सजीव प्रस्तुतियां शामिल थीं, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं। पूरे मार्ग पर श्रद्धालु "जय श्री राम" और "हर हर महादेव" के गगनभेदी नारों से वातावरण को राममय कर रहे थे, जिससे चारों ओर भक्तिमय माहौल बन गया।

 


रावण दहन के साथ शोभायात्रा का समापन


इस धार्मिक यात्रा का समापन पड़ाव चौराहे पर रावण दहन के साथ हुआ। इस मौके पर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के साथ रामभरोस पटेल, मोतीलाल गुप्ता, बृजेश वर्मा, संतोष जायसवाल, बृजमणि मिश्र और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विधायक सुशील सिंह ने विजयदशमी का महत्व बताते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा, जैसे मां दुर्गा ने महिषासुर का अंत किया था और भगवान श्री राम ने रावण के अहंकार का नाश किया था, वैसे ही हमें भी अपने भीतर के अहंकार और द्वेष का अंत करना चाहिए।

 


डमरू दल ने बिखेरा जादू, भक्त हुए मंत्रमुग्ध


शोभायात्रा के दौरान डमरू दल के शानदार प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया। पांच किलोमीटर लंबी इस विजय यात्रा में हजारों भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे जोश और उमंग के साथ इस धार्मिक परंपरा को जीवंत बना दिया।