पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ कानून में बदलाव के विरोध के नाम पर फैली कट्टरपंथी हिंसा ने सामाजिक सौहार्द को गहरी चोट दी है। समसेरगंज के धुलियान क्षेत्र में हुए दंगों में हिंदू समुदाय को निशाना बनाया गया, जिससे पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है। हिंसा की आग में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें एक पिता और पुत्र — हरगोबिंद दास और चंदन दास — की दर्दनाक हत्या हुई है। बताया जा रहा है कि भीड़ ने दोनों को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला।


घटना के बाद इलाके में तनाव चरम पर है। पुलिस ने अब तक 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन स्थिति अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है। कलकत्ता हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश जारी किया गया, जिसके तहत बीएसएफ के जवानों को मौके पर भेजा गया। दुर्भाग्यवश, जब बीएसएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचीं, तो उन पर भी हिंसक भीड़ द्वारा हमला कर दिया गया। इस हमले में कुछ जवानों को चोटें आईं और सुरक्षा तंत्र की साख पर भी सवाल खड़े हो गए।

 


राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार की ओर से मंत्री सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि जिनकी मौत हुई है, वे बीएसएफ की गोली का शिकार बने हैं। उन्होंने राज्य पुलिस को क्लीन चिट देते हुए हिंसा में कथित तौर पर बाहरी तत्वों और बीजेपी कार्यकर्ताओं की संलिप्तता का आरोप लगाया। उनका दावा है कि यह सब ममता सरकार को बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है।

 


हिंसा का सबसे भयावह पहलू पलायन की वो तस्वीरें हैं, जिनमें सैकड़ों हिंदू परिवार जान बचाकर अपने घरों से निकल भागे हैं। बीजेपी का कहना है कि कम से कम 400 परिवारों को अपना आशियाना छोड़ना पड़ा है। गंगा नदी पार कर ये लोग मालदा जिले के लालपुर गाँव में अस्थायी शरण ले रहे हैं। इन परिवारों में महिलाएँ अपने छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर रोती-बिलखती नजर आ रही हैं। कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि किस तरह लोग नावों में सवार होकर अपनी जान बचा रहे हैं।


बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने एक ऐसा ही वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह घटना न केवल राज्य सरकार की विफलता है, बल्कि यह राज्य में बहुसंख्यक समुदाय के खिलाफ हो रहे संगठित अत्याचार का प्रमाण है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने इसे सीधे-सीधे ‘लोकतंत्र पर हमला’ करार देते हुए केंद्र सरकार से मामले की NIA से जाँच कराने की माँग की है। साथ ही, उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर केंद्रीय बलों की स्थायी तैनाती की भी अपील की थी।


बीजेपी सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने इस मुद्दे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने मुर्शिदाबाद समेत चार जिलों में AFSPA लागू करने की माँग की है। उनका कहना है कि जब तक सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून लागू नहीं किया जाता, तब तक हिंदू समुदाय को सुरक्षा नहीं मिल पाएगी।

 

 


राज्य की पुलिस व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। कई जगहों पर पुलिस हिंसा को रोकने में असफल रही। कोर्ट के निर्देश पर केंद्र सरकार ने पाँच केंद्रीय बलों की कंपनियाँ और 300 से अधिक बीएसएफ जवान मुर्शिदाबाद भेजे हैं। हालात को काबू में लाने के लिए धारा 163 लागू कर दी गई है और अफवाहों पर लगाम कसने के लिए इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हिंसा के दौरान 18 पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि भी की गई है।