नई दिल्ली। शपथ ग्रहण के अगले दिन मोदी सरकार एक्शन में आ गई है। मोदी सरकार आज दो बड़े फैसले सुना सकती है। सरकार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सोमवार की शाम मोदी केबिनेट की पहली मीटिंग में सरकार दो बड़े फैसले ले सकती है। ये दोनों फैसले प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर लिए जा सकते हैं।


मोदी 3.0 कैबिनेट की पहली बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 2 करोड़ अतिरिक्त घरों को मंजूरी मिल सकती है। वहीं दूसरे फैसले के तहत इस योजना में लाभार्थियों को दी जाने वाली सहायता में करीब 50% की वृद्धि हो सकती है।



बता दे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। रविवार देर शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में महामहिम द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई। मोदी सरकार 3.0 में मंत्रियों की संख्या कुल 72 है, जिसमें 30 कैबिनेट मंत्री होंगे। इसके अलावा पांच मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। वहीं 36 सांसदों को राज्य मंत्री का भी पद दिया गया है। मोदी 3.0 में कई ऐसे चेहरे भी हैं, जिन्हें फिर से मंत्री बनाया जा रहा है और जो पिछली सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं।