लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां, विधानसभा के सामने सोमवार को एक व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर कंबल से आग बुझाई। घटना में व्यक्ति 50% तक झुलस गया है। पीड़ित की पहचान मुन्ना विश्वकर्मा (40) के रूप में हुई है, जो लखनऊ के सहादतगंज क्षेत्र के झाब्बारन टोला का निवासी है।


पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप


पुलिस की जांच में सामने आया कि मुन्ना ने पेट्रोल लेकर विधानसभा के सामने पहुंचते ही खुद को आग के हवाले कर दिया। मुन्ना ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण वह इस चरम कदम तक पहुंचा। मुन्ना का कहना है कि वह आलमबाग के बंगाल टेंट हाउस में काम करता था, जहां मालिक रंजीत चक्रवर्ती उसे उसकी मेहनत की सैलरी नहीं दे रहा था। 

 


मुन्ना ने रंजीत के खिलाफ मवैया चौकी और आलमबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की और उसे थाने से भगा दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने रंजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


आर्थिक तंगी से परेशान


मुन्ना के भांजे मनोज विश्वकर्मा ने बताया कि मुन्ना 2017 से 2019 तक रंजीत के टेंट हाउस में काम कर रहा था। करीब सात लाख रुपये की देनदारी रंजीत पर बकाया थी, जिसे लेकर मुन्ना लगातार पैसे मांग रहा था, लेकिन रंजीत ने उसे बार-बार टरका दिया। इस आर्थिक तंगी के कारण मुन्ना को ई-रिक्शा चलाना पड़ा और उसने टेंट हाउस का सामान भी ढोया। इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं आया और वह अपने बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं कर पा रहा था।


पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप


मुन्ना का आरोप है कि पुलिस ने न केवल उसकी शिकायतों को नजरअंदाज किया, बल्कि उसे कई बार मवैया चौकी पर बुलाकर प्रताड़ित भी किया गया। 

 


डीसीपी का बयान


इस मामले में डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मुन्ना के आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।