वाराणसी। देश ने शनिवार रात एक महान तपस्वी को खो दिया। 128 वर्ष के योग गुरु स्वामी शिवानंद बाबा ने रात 8:45 बजे अंतिम सांस ली। पिछले तीन दिनों से वह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती थे और उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। बाबा शिवानंद ने सिर्फ एक योग गुरु के रूप में नहीं, बल्कि एक त्यागी, तपस्वी और सेवा को समर्पित जीवन जीने वाले सन्यासी के रूप में देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाई थी।


उनके निधन की खबर से वाराणसी में शोक की लहर दौड़ गई है। बाबा के अनुयायी न केवल देश में बल्कि विदेशों तक फैले हुए हैं। सभी अनुयायियों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर दुर्गाकुंड स्थित उनके आश्रम में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 


भुखमरी से शुरू हुआ जीवन, साधना में मिला ठौर


बाबा शिवानंद का जीवन किसी प्रेरणादायक कथा से कम नहीं रहा। उनके आधार कार्ड पर दर्ज जन्मतिथि के अनुसार उनका जन्म 8 अगस्त 1896 को तत्कालीन बंगाल के श्रीहट्ट जिले (अब बांग्लादेश) के हरिपुर गांव में एक गरीब ब्राह्मण परिवार में हुआ था। बचपन भूख, अभाव और संघर्ष से भरा था। उनके माता-पिता और बड़ी बहन भी गरीबी और भूख की भेंट चढ़ गए। उस समय बाबा की उम्र महज छह साल थी। इस गहरे दुःख और जीवन संग्राम ने उन्हें सांसारिक मोह से दूर कर दिया और वे आध्यात्मिक जीवन की ओर मुड़ गए।


चार वर्ष की उम्र में ही उन्हें ओंकारानंद गोस्वामी के संरक्षण में भेज दिया गया, जहां उन्होंने अपनी शिक्षा-दीक्षा, संयम और साधना की शुरुआत की। गुरु के आश्रम में उन्हें पहली बार गरम चावल खाने को मिला। इससे पहले उन्होंने केवल चावल का माड़ ही देखा था। इसी अनुभव ने उन्हें भोजन की महत्ता समझाई, लेकिन उन्होंने फिर भी अपने पूरे जीवन में कभी पेटभर भोजन नहीं किया।

 


सेवा और संयम का बना जीवन सूत्र, काशी में मिली आध्यात्मिक शांति


बचपन में परिवार को खोने के बाद उन्होंने यह प्रण लिया कि जीवनभर आधा पेट भोजन करेंगे और शेष अन्न भूखों को समर्पित करेंगे। यही उनकी दिनचर्या बन गई। छह वर्ष की उम्र से ही उन्होंने योगाभ्यास शुरू किया और गुरु के आदेश पर वह विदेशों की यात्रा पर निकल पड़े। उन्होंने 34 वर्षों तक अलग-अलग देशों में जाकर योग का प्रचार किया और वहीं रहकर जीविकोपार्जन भी किया। उस दौर में उन्होंने महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरुषों को भी निकट से देखा था।

 


विदेश में रहते हुए भी उनका मन भारत की माटी से जुड़ा रहा। वर्ष 1977 में वे वृंदावन लौटे और फिर पूरे भारत का भ्रमण किया। अंततः उन्हें काशी में वह आत्मिक शांति मिली, जिसकी तलाश वह वर्षों से कर रहे थे। इसके बाद बाबा ने वाराणसी को ही अपना स्थायी निवास बना लिया।


योग ही बना जीवन का आधार


स्वामी शिवानंद की दिनचर्या अनुशासन की मिसाल थी। हर सुबह वे तीन बजे उठ जाते थे। चाहे सर्दी हो या गर्मी, वह ठंडे पानी से स्नान करते थे और एक घंटे तक योग करते थे। दिन में तीन बार वह सर्वांगासन, शवासन और अन्य आसनों का अभ्यास करते। शाम को स्नान के बाद ही भोजन करते और रात नौ बजे सो जाते।

 


उनकी दिनचर्या न केवल अनुशासित थी, बल्कि अत्यंत सादगीपूर्ण भी। वे खुद अपने कपड़े धोते, बर्तन साफ करते और अपने कमरे की सफाई स्वयं करते थे। हर मौसम में केवल एक धोती पहनते थे। न एसी, न ही हीटर या ब्लोअर का प्रयोग करते थे। उनका कहना था कि “प्राकृतिक जीवन ही स्वस्थ जीवन है।”


सादगी में छिपा दीर्घायु का रहस्य


बाबा का आहार अत्यंत साधारण था। वे न फल खाते थे, न दूध। केवल उबला हुआ भोजन जिसमें नमक भी बहुत कम होता था। रात के भोजन में वे अक्सर जौ का दलिया, आलू का चोखा और उबली सब्जियां खाते थे। उनका निवास भी साधारण था — एक पुरानी इमारत का छोटा फ्लैट, जिसमें वे अपने शिष्यों के साथ रहते थे। रात में बालकनी में चटाई बिछाकर सोते और सिर के नीचे लकड़ी की स्लैब की तकिया रखते थे।


उनके शिष्य बताते हैं कि जहां लोग थोड़ी सी गर्मी-बर्फीली हवा में परेशान हो जाते हैं, वहीं बाबा बिना किसी सुविधा के एक तपस्वी जीवन जीते रहे। यही कारण था कि वे बुढ़ापे में भी स्वस्थ थे और मौसमी बीमारियों से कोसों दूर रहते थे।

 


125 वर्ष की उम्र में मिला पद्मश्री सम्मान


21 मार्च 2022 का दिन इतिहास में दर्ज हो गया, जब राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में बाबा शिवानंद को पद्मश्री से नवाजा गया। सफेद धोती-कुर्ता पहने 125 वर्षीय बाबा जब मंच पर पहुंचे तो उन्होंने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रणाम किया। पीएम मोदी भी भाव-विभोर होकर अपनी कुर्सी से खड़े हुए और उन्हें झुककर नमन किया। इसके बाद बाबा ने तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी नमन किया। राष्ट्रपति ने उन्हें ससम्मान उठाया और पद्मश्री सम्मान प्रदान किया।


यह दृश्य सिर्फ एक साधु को सम्मानित करने का नहीं था, बल्कि यह त्याग, तपस्या और निःस्वार्थ सेवा को राष्ट्र की ओर से नमन करने का दृश्य था।

 


कलियुग में दीर्घायु असंभव, कहा था बाबा ने


करीब छह वर्ष पहले एक डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग के दौरान जब बाबा से पूछा गया कि क्या आज के समय में कोई उनके जैसी लंबी उम्र जी सकता है? तो उन्होंने सीधा उत्तर दिया, “नहीं, कभी नहीं।” उन्होंने आगे कहा, “यह कलियुग है, यहां सभी लालच में डूबे हैं।” उनके अनुसार दीर्घायु जीवन का रहस्य योग, संयम, सेवा और सच्चे उद्देश्य में निहित है — न कि आरामदायक जीवनशैली में।


उनका मानना था कि योग न केवल शरीर, बल्कि मन और आत्मा को भी संतुलन में रखता है। उन्होंने कहा था कि पांच वर्ष की उम्र से ही योग को दिनचर्या में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि उसका पूर्ण लाभ जीवनभर मिलता रहे।


काशी में मिली मोक्ष की शांति


शिवानंद बाबा का अंतिम समय भी उनकी सादगी और संकल्प का प्रमाण बना। जीवन भर उन्होंने केवल दूसरों के लिए जिया — कभी भूखों को भोजन दिया, तो कभी विदेशों में योग सिखाकर भारतीय संस्कृति का प्रचार किया। उनका जीवन एक जीवंत उदाहरण था कि कैसे तप, संयम और सेवा से मानव मात्र के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।