वाराणसी। गाजीपुर के सपा सांसद अफजाल अंसारी के हाल ही में कुंभ मेला और इसमें एक मालगाड़ी गांजा भेजे जाने के बयान से काशी के संतों में गहरा आक्रोश है। अफजाल अंसारी ने एक इंटरव्यू में गांजा को कानूनी मान्यता देने की वकालत की थी। उन्होंने कहा था कि गांजा को भगवान का प्रसाद कहा जाता है, इसलिए इसे अवैध क्यों माना जा रहा है। उनका यह बयान धार्मिक और सामाजिक क्षेत्रों में विवाद पैदा कर रहा है।


अंसारी ने यह भी कहा था कि अगर कुंभ मेले में एक मालगाड़ी भरकर गांजा भेजा जाए, तो वह वहां आसानी से खप जाएगा। उन्होंने साधु-संतों और अन्य लोगों का हवाला देते हुए कहा कि बहुत से लोग इसका सेवन करते हैं, इसलिए इसे कानूनी मान्यता मिलनी चाहिए।


स्वामी जितेंद्रानंद बोले – अपनी मर्यादा न लांघें अफजाल


स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने कुंभ में गांजा की खपत पर जो बयान दिया गया है। उस पर हम अफजाल भाई से इतना ही कहेंगे कि वह अपने आप को हलाला और हलाल तक ही सीमित रखे। संतो के थाली में क्या पड़ रहा है और कुंभ हमारी परंपरा है हमारा ऐश्वर्य है। संतों का अपना तपश्चर्या जीवन है। इसलिए अगर आप यह कहते हैं कि हमारी थाली में क्या आया हैं, जब गौ मांस को लेकर विवाद खड़े हुए तो आपकी थाली में क्या आया? यह हमने नहीं देखा तो आप भी हमारे थाली में क्या आ रहा है, यह देखने का अधिकार आपको किसी ने नहीं दिया। 

 


उन्होंने कहा कि आप नेतागिरी खूब करिए लेकिन हिंदू साधु संतो को बोलते समय आप अपनी हद और सीमा न लाघिए नहीं तो बहुत दिक्कत हो जाएगी।


कुंभ में नशे का कोई स्थान नहीं: स्वामी नरेन्द्रानंद


सुमेरुपीठ के पीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद ने भी अफजाल अंसारी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे पवित्र धार्मिक आयोजन में नशे का कोई स्थान नहीं है। नरेंद्रानंद ने कहा कि शायद अंसारी जैसे लोग गांजा सप्लाई करने वालों से जुड़े हुए हैं और इसी कारण से वे ऐसे बयान दे रहे हैं। उनका कहना था कि कुंभ में आने वाले संत और महात्मा पूरी श्रद्धा और आध्यात्मिकता से आते हैं, और वहां नशे जैसी किसी चीज़ का कोई स्थान नहीं है।

 


स्वामी नरेंद्रानंद ने कहा कि कुछ लोग जो साधु-संतों का वेश धारण करते हैं, वे असल में अध्यात्म से कोई लेना-देना नहीं रखते और ऐसे लोग ही नशा करते हैं। लेकिन वास्तविक संत नशा नहीं करते और न ही कुंभ जैसी पवित्र जगह पर इसका कोई स्थान हो सकता है। उन्होंने अफजाल अंसारी को पागल बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों को पागलखाने में भेज देना चाहिए।