नई दिल्ली। हाथरस के सत्संग में भगदड़ से हुए 121 मौतों मामले में फरार मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर ने दिल्ली में सरेंडर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट में वकील एपी सिंह ने दावा किया कि मधुकर को यूपी पुलिस के विशेष जांच दल को सौंप दिया है।
हाथरस पुलिस मधुकर को यूपी के राजस्थान व हरियाणा में तलाश करने का दावा कर रही थी। इस मामले में दर्ज एफआईआर में मुख्य सेवादार मधुकर इकलौता नामजद आरोपी है। उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। वकील एपी सिंह ने कहा कि मधुकर दिल्ली में इलाज करा रहा था। हम जांच में शामिल होना चाहते हैं, इसलिए सरेंडर किया है।

सत्संग के लिए मधुकर ने ही प्रशासन से अनुमति ली थी। कार्यक्रम का मुख्य आयोजनकर्ता भी वही था। उस पर गैर इरादतन हत्या, सबूत मिटाने समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
132 लोगों के बयान दर्ज
आगरा ज़ोन के एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बताया कि SIT जल्द ही मुख्यमंत्री को अंतिम रिपोर्ट सौंपेगी। अब तक 132 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। यूपी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी को क्लीन चिट नहीं दी गई है। पुलिस पूछताछ के लिए नारायण साकार विश्व हरि उर्फ भोले बाबा को भी तलाश कर रही है। हालांकि भोले बाबा FIR में नामजद नहीं है।
Comments (0)