वाराणसी। मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विधि विभाग की अनदेखी और शैक्षणिक लापरवाहियों के खिलाफ छात्र लगातार आवाज बुलंद कर रहे हैं। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से सम्बद्ध इस महाविद्यालय में पिछले चार दिनों से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को लेकर अब तक कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब या ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। धरने की अगुवाई कर रहे छात्र संघ महामंत्री प्रत्याशी शिवम पटेल ने बताया कि छात्रों की समस्याएं वर्षों से अनसुनी की जाती रही हैं, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य अधर में लटका हुआ है।

छात्रों ने बताया कि वर्ष 1958 से संचालित विधि विभाग में आज तक 'मूट कोर्ट' की स्थापना नहीं की गई है, जो कि एक कानून छात्र के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक होता है। इसके साथ ही विधि विभाग के लिए आवश्यक कंप्यूटर लैब का भी अभाव है। इतना ही नहीं, छात्राओं के लिए कॉमन रूम जैसी मूलभूत सुविधा तक कॉलेज में उपलब्ध नहीं कराई गई है।
छात्रों का आरोप है कि विधि कक्षाओं की स्थिति भी मानकों से कोसों दूर है, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में निरंतर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वर्ष 2009-10 से लेकर अब तक कॉलेज द्वारा छात्रों से उपाधि शुल्क तो लिया गया, लेकिन किसी भी छात्र को अब तक डिग्री नहीं सौंपी गई।
छात्रों ने आरोप लगाया कि यह एक संगठित वित्तीय अनियमितता का मामला है और इस पर उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है। छात्रों का कहना है कि उपाधि शुल्क के रूप में ली गई धनराशि का दुरुपयोग कर गबन किया गया है। विश्वविद्यालय की अनदेखी के चलते छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद भी डिग्री के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं और वहीं उन्हें अतिरिक्त शुल्क भी चुकाना पड़ रहा है।
धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं ने सोमवार को भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई। इस अवसर पर संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर को याद करते हुए उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया गया। छात्रों ने बताया कि बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से जो अधिकार दिए हैं, वही आज उनके संघर्ष की प्रेरणा बन चुके हैं।

धरना स्थल पर जुटे छात्रों ने ‘छात्र एकता जिंदाबाद' और ‘छात्र हित सर्वोपरि' जैसे नारों के साथ अपने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। जब तक कॉलेज प्रशासन द्वारा सभी मांगों पर स्पष्ट और सार्वजनिक आश्वासन नहीं दिया जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा।

धरना प्रदर्शन में सर्वेश तिवारी, मोनू कन्नौजिया, विशाल सिंह, अतुल सेठ, विवेक कुमार, अभय यादव, अमन गुप्ता, विकास सिंह यादव, राकेश कुमार पटेल, आकाश बिन्द, रितेश प्रजापति और विपुल सेठ समेत कई लोग उपस्थित रहे।
Comments (0)