वाराणसी। ज्ञानवापी परिसर में स्थित मां श्रृंगार गौरी के दर्शन के लिए चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन हजारों श्रद्धालु उमड़े। हर साल केवल एक दिन के लिए इस स्थान को भक्तों के दर्शन-पूजन के लिए खोला जाता है, और इस अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालु यहां जुटते हैं। इस वर्ष भी भक्तों ने पूरे भक्ति भाव से मां श्रृंगार गौरी की पूजा-अर्चना की और मंदिर की मुक्ति की कामना की।

 


सुबह 8:30 बजे, सत्यनारायण मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4-बी से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए प्रवेश दिया गया। दोपहर 12 बजे तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। भक्तों ने मंदिर की मुक्ति और वहां नियमित पूजा की अनुमति के लिए मां श्रृंगार गौरी से प्रार्थना की।

 


ज्ञानवापी मुक्ति महापरिषद के बैनर तले एक विशेष जलयात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का जत्था गंगा जल लेकर मंदिर की ओर बढ़ा। रास्तेभर "हर-हर महादेव" और अन्य भक्ति गीतों के गूंजते जयकारों के साथ माहौल भक्तिमय हो गया। शंखनाद और डमरू की ध्वनि से पूरे क्षेत्र में दिव्यता का संचार हो गया।

 


25 मिनट तक हुई विधिवत पूजा अर्चना


मंदिर में प्रवेश करने के बाद भक्तों ने 25 मिनट तक विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान मां श्रृंगार गौरी की टूटी प्राचीन मूर्तियों को सिंदूर और चंदन से सजाया गया। मंत्रोच्चारण के बीच विशेष पूजा संपन्न की गई। भक्तों ने माता को चुनरी और प्रसाद अर्पित किया और उनकी कृपा प्राप्त करने के लिए प्रार्थना की।

 


मुकदमे की अगुवाई करने वाली महिलाओं ने भी किया दर्शन


ज्ञानवापी केस को लेकर वाद दायर करने वाली चार महिलाओं ने भी इस अवसर पर मंदिर पहुंचकर पूजा की। उनके साथ हिंदू पक्ष के प्रमुख वकील विष्णुशंकर जैन भी मौजूद थे। जैन ने कहा, "हम मां श्रृंगार गौरी से प्रार्थना करते हैं कि इस पवित्र स्थान पर भव्य मंदिर का पुनर्निर्माण हो और हमें वहां नियमित पूजा करने का अधिकार मिले।"

 


1992 के बाद बदले हालात, साल में एक बार मिलते हैं दर्शन


गौरतलब है कि 1992 से पहले मां श्रृंगार गौरी का नियमित दर्शन-पूजन किया जाता था। लेकिन 1991 में बाबरी विध्वंस के बाद सुरक्षा कारणों से यहां नियमित पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके बाद से हर साल सिर्फ चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन ही मंदिर के पट भक्तों के लिए खोले जाते हैं। इस मामले को लेकर 18 अगस्त 2021 को पांच महिलाओं ने वाराणसी कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें नियमित पूजा की अनुमति मांगी गई थी। मामला अब भी अदालत में विचाराधीन है।

 


भव्य मंदिर निर्माण की मांग तेज, हिंदू पक्ष का बयान


ज्ञानवापी मामले में हिंदू पक्ष के सुप्रीम कोर्ट के वकील विष्णुशंकर जैन ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल पूजा-अर्चना के अधिकार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे यहां भव्य मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "ज्ञानवापी में जो अष्टमंडल का मंदिर था, उसे फिर से भव्य रूप में स्थापित किया जाए। इसके अलावा, बाबा के शिवलिंग पर हो रहे वजू की ASI जांच कराई जाए और हमें वहां पर पूजा करने का अधिकार मिले।"

 


वादी महिला रेखा पाठक ने भी इस मौके पर कहा कि जल्द ही "शिव और शक्ति का मिलन" होने वाला है। उन्होंने कहा, "आज हम मां श्रृंगार गौरी के लिए 16 श्रृंगार की सामग्री लेकर आए हैं, ताकि उनका पूजन भव्य रूप में किया जा सके।"


श्रद्धालुओं को मिला विशेष प्रसाद


मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रसाद स्वरूप नारियल, चुनरी और कुट्टू का हलवा दिया गया। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसमें विशेष रूप से नवरात्रि के दौरान आने वाले भक्तों को यह प्रसाद भेंट किया जाता है।


सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी, पुलिस बल रहा तैनात


श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। सभी श्रद्धालुओं को तय गेट से ही प्रवेश दिया गया और सुरक्षा जांच के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

 

38 वर्षों से चली आ रही परम्परा


इस मामले पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के प्रोफेसर डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्र ने कहा कि यह परंपरा पिछले 38 वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने बताया कि इतिहास में स्पष्ट उल्लेख है कि मुगल शासक औरंगजेब ने इस मंदिर को ध्वस्त कर इसे मस्जिद में परिवर्तित कर दिया था। आज भी हिंदू समुदाय इस मंदिर की मुक्ति के लिए संघर्ष कर रहा है।

 


क्या होगा आगे? केस पर हिंदू पक्ष की उम्मीदें


वादी वकील सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने कहा कि अभी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत कोई नया फैसला नहीं आया है, लेकिन जल्द ही सुनवाई शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "हम पूरी उम्मीद रखते हैं कि आने वाले एक से डेढ़ साल में हमारे पक्ष में निर्णय आएगा। तब हम सभी मां श्रृंगार गौरी के मूल स्थान पर नियमित पूजा-अर्चना कर सकेंगे और भव्य मंदिर का निर्माण होगा।"