कनाडा के वैंकूवर शहर में स्थित ऐतिहासिक रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारे की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने की घटना सामने आई है। जिसके स्थानीय सिख समुदाय में आक्रोश की लहर देखने को मिल रही है। यह घटना उस समय सामने आई जब सिख समुदाय वैशाखी पर्व और खालसा साजना दिवस के पावन अवसर पर एकत्र हुआ था।

खालसा दीवान सोसाइटी (KDS), जो इस प्रतिष्ठित गुरुद्वारे का संचालन करती है, उसने इस शर्मनाक घटना की कड़ी निंदा की है और इसे जानबूझकर समुदाय को बांटने और भय का वातावरण फैलाने की साजिश बताया है। KDS ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दीवारों की तस्वीरें साझा की हैं, जिन पर स्पष्ट रूप से ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ जैसे उकसाऊ नारे लिखे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा भारत के प्रधानमंत्री के खिलाफ धमकियां भी लिखी हुई नजर आ रही हैं।
गुरुद्वारे की दीवारों को अपवित्र करने की यह घटना शनिवार की सुबह तब सामने आई जब पूरे सरे क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी वैशाखी परेड की तैयारियां चल रही थीं। रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारा न केवल वैंकूवर में बल्कि पूरे कनाडा में सिख आस्था का एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है, जिसकी स्थापना 1906 में हुई थी। इस घटना ने सिख समाज की धार्मिक भावनाओं को गहराई से चोट पहुंचाई है।
गुरुद्वारा प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक बयान में इस कार्य को कुछ चरमपंथी तत्वों की करतूत बताया गया है, जिनका उद्देश्य समुदाय में फूट डालना और शांति भंग करना है। KDS ने कहा, "हमारी दीवारों पर जो नारे लिखे गए हैं, वे सिख धर्म की मूल आत्मा—आपसी सम्मान, शांति और समावेशिता—का उल्लंघन करते हैं।"

खालसा साजना दिवस के मौके पर किया गया हमला
खास बात यह है कि यह घटना ऐसे वक्त पर हुई जब पूरा सिख समुदाय वैशाखी पर्व और खालसा साजना दिवस के पावन अवसर को मनाने के लिए गुरुद्वारे में एकत्र था। यह दिन सिख इतिहास में एकता, समर्पण और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। ऐसे पवित्र मौके पर इस प्रकार की हरकत ने न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई, बल्कि एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया कि कनाडा जैसे लोकतांत्रिक और बहुसांस्कृतिक देश में इस तरह के तत्व कैसे सक्रिय हो पा रहे हैं।
गुरुद्वारे की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हमारे पूर्वजों ने इस देश में परिश्रम और समर्पण से एक ऐसा समुदाय खड़ा किया है जो विविधता, आज़ादी और भाईचारे का प्रतीक है। इस प्रकार की हरकतें न केवल उनके सपनों को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि सिख समाज की एकजुटता पर भी प्रहार करती हैं।”

पुलिस जांच जारी, समुदाय में रोष
घटना के बाद वैंकूवर पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है, लेकिन पुलिस इसे एक संवेदनशील धार्मिक स्थल पर हुई घिनौनी हरकत मानते हुए गहराई से जांच कर रही है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।
Comments (0)