वाराणसी। बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के काय चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के पहले दिन शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने महामना और धन्वंतरि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया। इस अवसर पर संगीत और मंच कला संकाय के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया। मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया।

 


अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तिरुपति प्रसादम के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वे इस विषय के राजनीतिक पहलुओं में नहीं जाना चाहते, परंतु प्रसाद के प्रति हिंदू समाज की आस्था में संदेह उत्पन्न होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वाराणसी आने के बाद उन्हें बाबा विश्वनाथ के दर्शन का सौभाग्य नहीं मिल पाया, हालांकि उन्होंने अगली बार दर्शन करने का संकल्प लिया है। उनके सहयोगियों ने मंदिर में जाकर प्रसाद लिया था, लेकिन प्रसाद को लेकर तिरुपति प्रसादम की बात उनके मन में खटकी।

 

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके साथ ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों के साथ भी ऐसा हो सकता है। कोविंद ने इस पर चिंता व्यक्त की कि मंदिरों और तीर्थस्थलों के प्रसाद में मिलावट को हिंदू शास्त्रों में पाप माना गया है और यह एक विचारणीय विषय है।

 


कार्यक्रम के दौरान जैविक कृषि और पंचगव्य चिकित्सा के विशेषज्ञ प्रोफेसर ओपी सिंह ने बताया कि भारतीय गाय के दूध में स्वर्ण भस्म पाई जाती है, जिसके कारण दूध में हल्का पीलापन होता है। उनका दावा है कि यह दूध विभिन्न रोगों के उपचार में रामबाण की तरह काम करेगा।

 

संगोष्ठी में भाग लेने के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार की शाम बीएचयू पहुंचे थे, जहां विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन काय चिकित्सा विभाग और गौ सेवा विज्ञान अनुसंधान केंद्र के तत्वावधान में किया गया, जिसमें भारतीय गोवंश रक्षण संवर्धन परिषद का सहयोग भी शामिल था।