वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में एक 8 साल की बच्ची की हत्या के आरोपी मोहम्मद इरशाद को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे बुधवार आधी रात उसे घेर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए उसके पैर में गोली मार दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। 

 


मासूम की बोरी में मिली थी लाश


बुधवार सुबह रामनगर के सुजाबाद चौकी क्षेत्र के एक गांव में बच्ची का शव प्लास्टिक की बोरी में मिला। शव अर्धनग्न हालत में था और उस पर चोटों के निशान थे। बच्ची मंगलवार शाम 7 बजे घर से निकली थी और तभी से लापता थी। अगले दिन सुबह उसका शव घर से 200 मीटर दूर स्कूल की बाउंड्री के अंदर मिला। 


परिजनों का पुलिस पर लापरवाही का आरोप 


घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने और कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। परिजनों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से इनकार करते हुए कहा कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, वे शव नहीं उठाने देंगे। पुलिस के अधिकारियों ने जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए। 

 


कैसे हुई बच्ची की हत्या? 


आरोपी मोहम्मद इरशाद ने पूछताछ में बताया कि उसने बच्ची को दुकान पर जाते हुए देखा और उसकी रेकी की। लौटते समय उसने बहाने से बच्ची को अपने घर के बाहर रोक लिया। आसपास किसी के न होने पर वह बच्ची को घर के अंदर खींच ले गया। नशे की हालत में उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। इसके बाद उसने पत्थर से बच्ची का सिर कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर शव को प्लास्टिक की बोरी में भर दिया। आधी रात में वह शव को पास के प्राइमरी स्कूल लेकर गया और बाउंड्री के अंदर फेंक दिया। 


CCTV से आरोपी की पहचान 


पुलिस ने घटना के बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी मोहम्मद इरशाद सुजाबाद चौकी क्षेत्र में दिखाई दिया। पुलिस को जानकारी मिली कि वह राज्य से बाहर भागने की फिराक में है। इसके बाद चार टीमों का गठन किया गया और आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। 


चौकी इंचार्ज पर गिरी गाज 


घटना में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद सुजाबाद चौकी के इंचार्ज उमेश राय को निलंबित कर दिया गया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने गुमशुदगी की शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं की और मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भी नहीं दी। मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। 

 


बच्ची का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा में 


डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच शव को दफनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। 

 


मासूम की मौत से मचा हड़कंप 


घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग पुलिस की लापरवाही को लेकर आक्रोशित हैं। पुलिस का आश्वासन है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कड़ी सजा दिलाई जाएगी।