आजमगढ़। बिजली विभाग की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जनपद के तरवां क्षेत्र स्थित एक डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बिजेंद्र राय को 7 अरब 99 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बिजली बिल भेज दिया गया। बिल देखकर प्राचार्य के होश उड़ गए। उन्होंने कहा, "अगर पूरा खानदान मिलकर भी अपनी सारी संपत्ति बेच दे, तब भी यह बिल नहीं चुका सकते।"

 


बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) गांव निवासी डॉ. बिजेंद्र राय ने एक साल पहले अपनी मां साधना राय के नाम से ब्रहमस्थान स्थित आराजीबाग मोहल्ले में घर बनाया था। निर्माण के दौरान उन्होंने अस्थायी कनेक्शन लिया, तब तक बिल सही आ रहा था। लेकिन स्थायी कनेक्शन मिलने के बाद पहले ही महीने में 7 अरब 99 करोड़ का बिल भेज दिया गया।

 


जब उन्होंने इसकी शिकायत की, तो अधिकारियों ने हर महीने सुधार का आश्वासन दिया, लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी गलती नहीं सुधारी गई। हालांकि, प्राचार्य हर महीने 700-800 रुपये का बिल जमा कर रहे हैं।

 


अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश


इस मामले में मुख्य अभियंता नरेश कुमार ने कहा कि उन्हें इस गलती की जानकारी मिली है। उन्होंने बिल की जांच और सुधार के निर्देश दिए हैं।