लखनऊ। मछली शहर के पूर्व सांसद उमाकांत यादव के खिलाफ ईडी जल्द ही एक्शन लेगा। बसपा के पूर्व सांसद के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज की जाएगी। आजमगढ़ पुलिस ने उमाकांत के खिलाफ दर्ज मुकदमा और संपत्तियों की जानकारी ED को सौंप दी है। 

 


लखनऊ स्थित ED के जोनल कार्यालय के अधिकारियों ने बीते दिनों आजमगढ़ के एसपी को पत्र लिखकर जानकारी मांगी थी। साथ ही उनके बेटे रविकांत पर दर्ज मुकदमों का ब्यौरा देने को भी कहा था। सूत्रों के मुताबिक, आजमगढ़ पुलिस द्वारा भेजे गए मुकदमों का अधिकारियों ने अध्ययन करना शुरू कर दिया है और उनमें मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज करने की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है।

 


बता दें कि उमाकांत यादव पर करीब 36 मुकदमे दर्ज रहे हैं। उमाकांत यादव समेत सात लोगों को 2 वर्ष पूर्व जीआरपी सिपाही हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। खुटहन से लगातार तीन बार विधायक और मछली शहर से एक बार सांसद रहे उमाकांत यादव पर वर्ष 1977 में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद आजमगढ़, लखनऊ और जौनपुर में 36 आपराधिक मामले दर्ज हुए। इसमें धोखाधड़ी, लूट, हत्या और लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे कई गंभीर मामले शामिल हैं। वह बसपा के अलावा सपा में भी शामिल रहे हैं।